यमुनोत्री पैदल मार्ग पर खोज बचाव अभियान जारी, वैकल्पिक मार्ग से यात्रा संचालित
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बीते दिन नौकैंची बैंड के पास पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यात्री उसके चपेट में आ गए थे.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 24, 2025 at 9:14 AM IST
उत्तरकाशी: यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बीते सोमवार को हुई भूस्खलन की घटना के बाद मंगलवार सुबह दोबारा खोज बचाव अभियान शुरू कर दिया है. वहीं डीएम प्रशांत आर्य भी जानकीचट्टी पहुंच चुके हैं. वहां पर उन्होंने अधिकारियों से घटना और रेस्क्यू से संबंधित जानकारी ली. वहीं अब प्रशासन ने निर्णय लिया है कि यमुनोत्री धाम की यात्रा को भंडेलीगाड़ से ढाई किमी लंबे वैकल्पिक मार्ग से संचालित करवाया जाएगा. जानकीचट्टी पुलिस चौकी प्रभारी गंभीर तोमर ने बताया कि डीएम के निर्देश पर वैकल्पिक मार्ग से यात्रा शुरू करा दी गई है.
बीती सोमवार को जानकीचट्टी-यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर भूस्खलन होने के कारण पांच लोग दब गए थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग, मंदिर समिति की टीम मौके पर पहुंची. खोज बचाव अभियान के दौरान मुंबई निवासी एक यात्री को बाहर निकालकर उसे उपचार के लिए पीएचसी के लिए भेजा गया था. वहीं घटना में एक 12 वर्षीय किशोरी और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी. उनके शव खाई से बाहर निकाल दिए गए थे. हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है.
सूचना मिलने पर राहत और खोज बचाव अभियान के लिए विभिन्न विभागों की टीम वहांं पर पहुंची. इस दौरान मलबे और बोल्डर के नीचे दबे मुंबई निवासी रशिक को बाहर निकालकर वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी भेजा गया. वहां पर डॉक्टर हरदेव रावत ने बताया कि रशिक के सिर और हाथ पर चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर और उसका उपचार चल रहा है. वहीं घटनास्थल पर चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान एक 12 वर्षीय किशोरी की बोल्डर की चपेट में आने के कारण खाई में गिरने से मौत हो गई. उसका शव बरामद कर लिया गया है.
घटना में मृतकों के नाम
- हरिशंकर (उम्र 47) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी- जौनपुर उत्तरप्रदेश
- ख्याति (उम्र 09) पुत्री हरिशंकर उम्र, निवासी- जौनपुर उत्तरप्रदेश
घटना में घायल
- रसिक भाई पुत्र वस राम भाई, निवासी 216 त्रिपाठी निवास निकट प्रतापनगर वेस्ट मुंबई महाराष्ट्र
घटना में गुमशुदा
- भाविका शर्मा (उम्र 11) पुत्री जॉय शर्मा, निवासी B-58 कृष्णाविहार नई दिल्ली
- कमलेश जेठवा (उम्र 35) पुत्र कांतिबाई, निवासी मुंबई थाने महाराष्ट्र
पढ़ें-उत्तरकाशी में बड़ा हादसा, यमुनोत्री पैदल मार्ग पर पहाड़ ढहा, दो शव बरामद

