ETV Bharat / state

फर्रुखाबाद में 1000 साल पुराने शिव मंदिर से हटा अवैध कब्जा; भूसे-उपलों में दबे मिले नंदी और महादेव

जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हटाया गया कब्जा. मंदिर तक जाने के लिए रास्ते की भी कराई गई नापजोख.

फर्रुखाबाद में प्राचीन शिव मंदिर से हटा अवैध कब्जा.
फर्रुखाबाद में प्राचीन शिव मंदिर से हटा अवैध कब्जा. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 29, 2024 at 7:01 AM IST

|

Updated : December 29, 2024 at 8:01 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फर्रुखाबाद : मऊदरवाजा इलाके के एक गांव में शनिवार को प्राचीन शिव मंदिर से अवैध कब्जा हटवाया गया. भूसे और उपलों में नंदी और महादेव दबे मिले. मंदिर करीब 1000 साल पुराना बताया जा रहा है. पुलिस, हिंदू महासभा के पदाधिकारी और दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ने शिवालय को कब्जा मुक्त कराया. मंदिर की साफ-सफाई की गई. जल्द ही इसमें पूजा-पाठ शुरू कराने की तैयारी है.

फर्रुखाबाद में शिव मंदिर से हटा कब्जा. (Video Credit; ETV Bharat)

थाना मऊदरवाजा इलाके के गांव माधौपुर में एक प्राचीन शिवालय काफी समय से बंद था. इसके अंदर भूसे और उपले भरे हुए थे. कुछ लोगों के जरिए इसकी जानकारी हिंदू महासभा के पदाधिकारियों तक पहुंची. महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर करीब 1000 साल पुराना है.

पुलिस और जिला प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज, जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक, जिला प्रभारी अजय दुबे अज्जू आदि ने मंदिर की साफ-सफाई की. भूसे के ढेर के बीच नंदी मिले. इसके बाद और सफाई करने पर भगवान शिव का प्राचीन अर्घा मिला.

हालांकि शिवलिंग नहीं मिला. यह देखकर महंत समेत अन्य लोग हैरान रह गए. मंदिर पर हिंदुओं ने ही कब्जा कर रखा था. पास में मंदिर के ऊपरी दीवारों पर देवी-देवताओं के चित्र बने हुए हैं. महाबली हनुमान जी की प्रतिमा भी है. नायब तहसीलदार सनी कनौजिया ने कानूनगो प्रमोद शुक्ला और लेखपाल संजय सिंह से मंदिर की नापजोख कराई.

शिवालय के बाहर मौजूद महंत, पुलिस और स्थानीय लोग.
शिवालय के बाहर मौजूद महंत, पुलिस और स्थानीय लोग. (Photo Credit; ETV Bharat)

स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू महासभा के पदाधिकारियों के बीच बातचीत के बाद 5 मीटर चौड़ा रास्ता मंदिर से मुख्य मार्ग तक जाने के लिए नाप दिया गया. इसके अलावा माधौपुर के अन्य मंदिरों पर भी अवैध कब्जे की बात सामने आई. इनकी भी नापजोख की गई. इन मंदिरों को भी कब्जा मुक्त कराने की तैयारी है.

नगर अध्यक्ष शिवम मिश्रा, नगर उपाध्यक्ष नितिन सक्सेना,भानु प्रताप सिंह एडवोकेट, सचिन शर्मा, गौ रक्षा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष लकी पाल, हिमांशु पाल, राजू यादव आदि का कहना है कि ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर में फिर से पूजा-पाठ शुरू कराया जाएगा. लोगों से मंदिरों से कब्जा हटाने की अपील की जा रही है. वहीं नायब तहसीलदार ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर वह यहां पहुंचे. मंदिर की नापजोख के बाद मंदिर तक जाने का रास्ता भी छुड़वा दिया गया है.

इससे पहले संभल जिले में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था. बिजली चोरी और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सपा सांसद के इलाके खग्गू सराय में एक शिव मंदिर मिला था. 46 साल से यह मंदिर बंद था. डीएम-एसपी ने मंदिर के कपाट खुलवाए थे. यह शिव मंदिर मुस्लिम इलाके में मौजूद है. अब इस मंदिर में नियमित पूजा-पाठ होता है.

यह भी पढ़ें : संभल में 46 साल से बंद शिव मंदिर खुला, पूजा-पाठ शुरू; बिजली चोरी पकड़ने गए DM-SP को मिला धार्मिक स्थल

Last Updated : December 29, 2024 at 8:01 AM IST