कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने बेटियों से कहा, 'लव जिहाद' से सावधान रहना, माता-पिता को कन्यादान का मौका देना
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने रविवार को शिव महापुराण कथा के दौरान बेटियों से कहा कि अपने माता-पिता को कन्यादान का मौका देना.

Published : May 4, 2025 at 10:51 PM IST
जयपुर: शिव महापुराण कथा के चौथे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने 'लव जिहाद' का मुद्दा उठाया. उन्होंने बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया के लोग कहते हैं, बेटा मां बाप का तर्पण करे, मां-बाप का पिंडदान करे, तिलांजलि दे, तो मां-बाप तरते हैं. लेकिन शिव पुराण कहती है जिसके मां-बाप, बेटी का कन्यादान कर देते हैं, उस मां-बाप को पिंडदान की भी जरूरत नहीं पड़ती, वो तर जाते हैं. इसलिए बेटियों से निवेदन है कि ऐसे मोटरसाइकिल सुधारने वालों से सावधान रहना, जो दूसरे का पेट्रोल डलवा कर, थोड़ी सी गाड़ी का एक्शन दिखाकर, 10 रुपए का चाऊमीन खिलाकर, तुम्हें फंसाने का प्रयास करेंगे. इसलिए लव जिहाद से सावधान रहना और अपने मां-बाप पर भरोसा करके उन्हें कन्यादान करने का मौका देना.
उन्होंने कहा कि थोड़ी अच्छी बॉडी, थोड़ा फैशन देखा, 10 रुपए चाऊमीन पर खर्च कर दिया, 50 रुपए का पेट्रोल खर्च कर दिया, 10-20 बार मोबाइल में बैलेंस डलवा दिया और तुम आकर्षण में फंस जाओ. उन्होंने कहा कि बड़े आश्चर्य की बात है कि जिन मां-बाप ने पूरी जिंदगी निकाल दी, पढ़ने के लिए जयपुर भेजा, खर्च किया, जमीन गिरवी रख दी, मां ने अपना जेवर बेच दिया और जिस मां-बाप के तुम चांद का टुकड़ा था, आज तुम्हे वो दूसरा चांद पसंद आ रहा है. इसलिए थोड़ा समझो, दोस्ती किसी से भी हो, पढ़ो कहीं पर भी, पर कह दो कि मेरे माता-पिता चाहेंगे, वो कन्यादान करेंगे, तो मैं शादी करूंगी, वरना मेरे लिए सब धूल है.
गौरतलब है कि रविवार को पंडित प्रदीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की. इससे पहले शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा समापन की घोषणा की थी. हालांकि इसके बाद प्रशासन और आयोजकों से वार्ता के बाद फिर से कथा 7 मई तक अनवरत जारी रहने का बयान जारी किया था.

