मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का गद्दी उत्सव

Published : April 2, 2025 at 10:36 AM IST
|Updated : April 2, 2025 at 12:51 PM IST
उदयपुर: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के गद्दी उत्सव की भव्य शुरुआत सिटी पैलेस में हुई. इस पारंपरिक समारोह में पूर्व राजपरिवार के कुलगुरु उनके तिलक की रस्म निभाएंगे. गद्दी उत्सव दोपहर 1.30 बजे तक जारी रहेगा. इसके बाद अपराह्न 3.15 बजे अश्व पूजन का आयोजन होगा, जो मेवाड़ की परंपरा का अहम हिस्सा है.
अपराह्न 4.20 बजे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने कुल आराध्य देव एकलिंग नाथ के दर्शन करेंगे. इसके पश्चात शाम 7 बजे शहर के प्रतिष्ठित हाथीपोल द्वार का पूजन किया जाएगा. रात 8.15 बजे रंग पलटाई की रस्म अदा की जाएगी, जो परंपरागत रूप से गद्दी उत्सव का महत्वपूर्ण भाग मानी जाती है. रात 9 बजे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ जगदीश भगवान के दर्शन कर अपने नए दायित्व की शुभ शुरुआत करेंगे. इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, राजपरिवार के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे.
LIVE FEED
लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को पूरे विधि-विधान के साथ गद्दी पर विराजमान किया गया. कुलगुरु डॉ. वागीस कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में मंत्रोच्चारण के बाद उन्हें गद्दी पर बिठाया गया. इसके बाद लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने गुरुओं का आशीर्वाद लेते हुए दंडवत प्रणाम करते नजर आए.

उदयपुर के सिटी पैलेस स्थित नौ चौकी महल के राय आंगन में ओडिशा के डिप्टी मुख्यमंत्री और लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के ससुर कनकवर्धन सिंह, प्रसिद्ध कवि शैलेश लोढ़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति पहुंचे. इस अवसर पर सभी ने सफेद वस्त्र धारण किए. कुलगुरु डॉ. वागीश कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार हुआ. इस दौरान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ भी सफेद रंग के वस्त्र पहने नजर आए. आयोजन के दौरान उनके पुत्र हरितराज सिंह मेवाड़ ने संतों का आशीर्वाद लिया. कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया.
गद्दी उत्सव समारोह से कपिल पारीक की रिपोर्ट.
गद्दी उत्सव के तहत पूरे विधि-विधान के साथ हवन का आयोजन किया गया. पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया, जिसमें डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ भी शामिल हुए.


