ETV Bharat / state

झामुमो ने कल्पना सोरेन को बताया दुर्गा स्वरूपा, कहा- करेंगी आसुरी शक्तियों का संहार! भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मिला ये जवाब

author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Mar 18, 2024, 9:57 PM IST

Kalpana Soren as Durga Swarupa. झामुमो की ओर से कल्पना सोरेन को दुर्गा का चंडी स्वरूप बताने पर राजनीति शुरू हो गई है. एक ओर जहां कांग्रेस ने झामुमो के इस बयान का समर्थन किया है, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने कल्पना सोरेन को सही और गलत का आकलन करने की नसीहत दी है.

Politics On JMM Statement
Kalpana Soren As Durga Swarupa

कल्पना सोरेन को दुर्गा स्वरूपा बताते झामुमो और कांग्रेस के नेता और जवाब देतीं भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री.

रांची: पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के जमीन से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में जेल जाने के बाद से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन अब राजनीति में ना सिर्फ सक्रिय नजर आ रही हैं, बल्कि वह केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर बेहद आक्रामक भी हैं. झारखंड से लेकर मुंबई तक अलग-अलग मंचों से भाजपा के खिलाफ उलगुलान का शंखनाद करने वाली कल्पना सोरेन को अब झामुमो दुर्गा का चंडी स्वरूप बता रहा है.

मां चंडी के रूप में कल्पना सोरेन आसुरी शक्तियों का संहार करेंगीः जेएमएम

पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य और प्रवक्ता मनोज पांडेय कहते हैं कि मां भगवती ने जिस तरह से आसुरी शक्तियों का संहार किया था उसी तरह मां चंडी के रूप में कल्पना सोरेन आसुरी शक्तियों का संहार करेंगी. झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस बयान का समर्थन करते हुए झारखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि कल्पना सोरेन भारत की बेटी हैं, जब विपदा आती है तब देश की बेटी चंडी बन जाती हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस तरह से कल्पना सोरेन के पति हेमंत सोरेन को एक साजिश रचकर गलत मामले में फंसाया गया और उनके पति को प्रताड़ित किया जा रहा है तो स्वभाविक गुस्सा को वह प्रकट कर रही हैं. उन्होंने कहा कि झामुमो ने आसुरी शक्तियों के संहार की जो बात कही है, वह बिल्कुल ठीक है. उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन इंडिया की ओर से स्टार प्रचारक होंगी. उन्हें कोई रोक नहीं सकता है.

कल्पना सोरेन सही और गलत का करें आकलनःभाजपा

झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा शिबू सोरेन की बहू और हेमंत सोरेन की पत्नी को दुर्गा स्वरूप बताने पर झारखंड भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि हम सभी महिलाएं दुर्गा की स्वरूप हैं. कल्पना सोरेन का गुस्सा और आक्रोश को एक पत्नी के रूप में स्वभाविक बताते हुए आरती सिंह ने कहा कि अगर वास्तव में वह दुर्गा की स्वरूप हैं तो उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि किस मामले में हेमंत सोरेन जेल गए हैं. क्या पूरा झारखंड उनके पति हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली सरकार से परेशान नहीं थी. ईडी ने जिन मामलों में उनकी गिरफ्तारी की है, क्या उसमें पर्याप्त सबूत नहीं हैं. क्या हेमंत सोरेन सरकार में राज्य के युवाओं, महिलाओं, अनुबंधित कर्मियों के साथ धोखा नहीं हुआ. महिला भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि जनता सब जानती है.

ये भी पढ़ें-

मुंबई में जेएमएम-कांग्रेस में बन गयी बात या अभी करना होगा और इंतजार? जानिए, क्या कहते हैं पार्टी के नेता

साहिबगंज में कल्पना सोरेन केंद्र पर जमकर बरसीं, कहा- घर की दहलीज लांघने के लिए विवश करने वालों को देना होगा हिसाब

पूर्व सीएम हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन ने साहिबगंज में जनसभा को किया संबोधित, कहा- चुनाव के लिए कस लें कमर, विपक्षियों को दिया जाएगा जवाब

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.