'कांग्रेस पूरी तरह साफ हो जाएगी', संजय झा का दावा- JDU के संपर्क में कई नेता
अशोक राम के जेडीयू में आने के बाद संजय झा ने दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता संपर्क में हैं. पढ़ें पूरी खबर..

Published : August 3, 2025 at 4:36 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने दावा किया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह खत्म होने की कगार पर है. उनका कहना है कि कांग्रेस के कई नेता अब भी जदयू के संपर्क में हैं और आने वाले समय में कांग्रेस से बड़े पैमाने पर टूट देखने को मिलेगी.
कांग्रेस में कुछ नहीं बचा : संजय झा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक राम के जदयू में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- ''कई लोग अभी संपर्क में हैं. कांग्रेस तो पूरी तरह साफ हो जाएगी'' उनका यह बयान साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस को और भी बड़े झटके लग सकते हैं. संजय झा ने दावा किया कि कांग्रेस में अब ना तो संगठन की पकड़ बची है और ना ही आम जनता से जुड़ाव.
अशोक राम का जदयू में आना एक बड़ी शुरुआत : छह बार के विधायक और दलित समुदाय से आने वाले नेता अशोक राम ने जदयू जॉइन कर कांग्रेस की अंदरूनी हालत को उजागर कर दिया है. संजय झा ने कहा कि जब कांग्रेस का सबसे बड़ा दलित चेहरा पार्टी छोड़ देता है, तो यह सोचने का विषय है कि वहां दलितों की स्थिति क्या है. अशोक राम के पिता बालेश्वर राम भी सात बार विधायक रह चुके हैं और उनके परिवार की समस्तीपुर में मजबूत राजनीतिक पकड़ रही है.
''कई लोग अभी संपर्क में हैं. कांग्रेस तो पूरी तरह साफ हो जाएगी. कांग्रेस में कुछ भी नहीं बचेगा. कांग्रेस के दलित चेहरा अशोक राम को आखिर क्यों कांग्रेस छोड़नी पड़ी? इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है. कांग्रेस में दलितों की क्या स्थिति है.''- संजय झा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जेडीयू

अन्य दलों से भी चल रहा संवाद : संजय झा ने इशारा किया कि सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, अन्य दलों के नेता भी जदयू से संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग जनता से कट चुके हैं, वे अब एनडीए की मजबूती को देखकर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए आगे आ रहे हैं. आने वाले समय में कई चौंकाने वाले नाम सामने आएंगे.
तेजस्वी यादव पर फिर हमला : संजय झा ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भी नहीं छोड़ा. उन्होंने कहा कि तेजस्वी का नाम दो-दो वोटर लिस्ट में होना सीधे तौर पर फर्ज़ीवाड़ा है. उन्होंने चुनाव आयोग से इस पर तत्काल जांच की मांग की और कहा कि यह कानूनन अपराध है. संजय झा ने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी को अब यह समझ आने लगा है कि बिहार में उनकी हार तय है, इसलिए वह चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री अशोक राम JDU में शामिल

