ETV Bharat / state

आगरा की नई टाउनशिप अटल पुरम की लॉन्चिंग की तैयारी, यूपीरेरा में पंजीकरण, जानिए प्लाट और आवास की क्या है प्राइस?

आगरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत नई 138.53 हेक्टेयर में विकसित होगी टाउनशिप, जानिए पूरी डिटेल

Etv Bharat
नई टाउनशिप अटल पुरम लेआउट. (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 22, 2025 at 3:56 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा: ताजगरी में ग्वालियर रोड पर ककुआ-भांडई में बन रही नई टाउनशिप अटलपुरम अगस्त माह में लांच की जाएगी. जिससे हजारों लोगों के घर का सपना पूरा होगा. आगरा विकास प्राधिकरण एडीए ने नई टाउनशिप अटलपुरम का यूपी रेरा में पंजीकरण करा लिया है. अब यह पूरी पंजीकरण प्रक्रिया 40 दिन में पूरी होगी. जिसके बाद सीएम योगी 15 अगस्त को टाउनशिप के पहले चरण की लॉन्चिंग करेंगे, जो 44 हेक्टेयर में विकसित की जाएगी. इसके बाद करीब 1000 हजार प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन होंगे. जो गरीब से लेकर उच्च आय वर्ग के लिए होंगे.

36 साल बाद एडीए ला रही नई टाउनशिपः बता दें कि आगरा विकास प्राधिकरण ने सन 1989 में कालिंदी विहार और शास्त्रीपुरम कॉलोनी लॉन्च की थी. जिसके बाद एडीए अभी तक कोई आवासीय नई टाउनशिप नहीं लेकर आया है. अब करीब 36 साल बाद एडीए की नई आवासीय टाउनशिप लांच करने की प्लानिंग है. ग्वालियर रोड पर गांव ककुआ और भांडई में करीब 138.53 हेक्टेयर में नई टाउनशिप अटलपुरम विकसित की जाएगी. एडीए ने 138 हेक्टेयर जमीन खरीद समेत अन्य कार्य में अभी तक करीब 738 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. नई टाउनशिप में 4087 प्लाट हैं. जिसमें ग्रुप हाउसिंग, HIG, MIG, LIG, EWS भी शामिल हैं.

नई टाउनशिप अटल पुरम की डिटेल.
नई टाउनशिप अटल पुरम की डिटेल. (Photo Credit; ETV Bharat)

सीएम योगी करेंगे नई टाउनशिप को लॉन्चः एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि नई टाउनशिप अटलपुरम की लॉन्चिंग सीएम योगी 15 अगस्त 2025 को लॉन्च कर सकते हैं. अटलपुरम के पहले चरण में करीब एक हजार प्लॉट की बुकिंग और लॉटरी से बिक्री की जाएगी. इस टाउनशिप में आवासीय प्लॉट की कीमत 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर और व्यावसायिक प्लॉट की 30 से 35 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रह सकती है. योजना लॉन्चिंग के समय कीमतों में आंशिक परिवर्तन भी किया जा सकता है.

यूपी रेरा में हुआ रजिस्ट्रेशनः एडीए ने नई टाउनशिप अटलपुरम के लिए यूपी रेरा में पंजीकरण करा लिया है. बीते दिनों ही यूपी रेरा में पंजीकरण हुआ है. जिसके लिए एडीए ने करीब 25 लाख रुपये का शुल्क भी जमा कराया है. अब 40 से अधिक दिन में ये प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. पहले चरण की डिजाइन व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में एडीए अधिकारी जुट गए हैं. जिससे पहले चरण की लॉन्चिंग 15 अगस्त 2025 या इसके आसपास की जा सके. अटल पुरम की लॉन्चिंग के पहले चरण में लगभग 1000 यूनिट की बिक्री की जाएगी.

तीन चरण में विकसित होगीः एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने बताया कि नई टाउनशिप अटलपुरम तीन चरण में विकसित की जाएगी. टाउनशिप के पहले चरण में करीब 45 हेक्टेयर भूमि पर तीन सेक्टर में प्लॉटिंग की जाएगी. इसके बाद दूसरे चरण में 50 हेक्टेयर भूमि पर और तीसरे चरण में 40 हेक्टेयर भूमि को एडीए विकसित करेगा. इस टाउनशिन के तीनों चरण में एडीए करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च करेगा.

टाउनशिप की डिजाइन की गई रिवाइजः एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि गांव ककुआ-भांडई में बन रही नई टाउनशिप अटलपुर के विकास के लिए एडीए पेड़ों को नहीं काटेगा. इस योजना के पेड़ों को पार्क या डिवाइडर में शामिल करने की पूरी प्लानिंग है. जिसके लिए एडीए ने टाउनशिप की डिजायन भी रिवाइज करा रहा है. इसके साथ ही डिजाइन में बिजली केबिल अंडरग्राउंड रहेंगी. सीवर की लाइन, पानी की पाइप लाइन और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी.

होटल से लेकर स्कूल, अस्पताल तक की सुविधाः आगरा की नई टाउनशिप अटलपुरम में करीब 10 हजार भूखंड व ग्रुप हाउसिंग यूनिट प्रस्तावित हैं. जिनमें करीब आठ हजार यूनिट आवासीय हैं. नई टाउनशिप में होटल, हॉस्पिटल, स्कूल, कन्वेंशन सेंटर व अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी होंगी. जिसके लिए एडीए टाउनशिप में बड़े भूखंड भी एडीए उपलब्ध कराएगा. जब से मास्टर प्लान- 2031 को स्वीकृति मिली है. उसके बाद से ही एडीए अधिकारी नई टाउनशिप लॉन्च करने की कवायद में जुट गए हैं.

इसे भी पढ़ें-आगरा में लांच होगी अटलपुरम आवास योजना; 4 हजार से ज्यादा भूखंड, ADA की बैठक में पास किए गए ये प्रस्ताव

इसे भी पढ़ें- आगरा में 138.53 हेक्टेयर में बसेगी नई टाउनशिप 'अटल पुरम', 4087 ग्रुप हाउसिंग के साथ फ्लैट और प्लाट होंगे उपलब्ध