ETV Bharat / bharat

उत्तराखंड@आपदा: धराली रेस्क्यू जारी, देर रात सीएम ने ली बैठक, रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा

UTTARKASHI DHARALI NATURAL DISASTER
उत्तराखंड में आफत की बारिश! (Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 6, 2025 at 6:52 AM IST

|

Updated : August 7, 2025 at 11:35 AM IST

Choose ETV Bharat

उत्तरकाशी जिले के धराली में आई प्राकृतिक आपदा के बाद आज 6 अगस्त को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सेना के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस राहत और बचाव कार्य में लगी है. धराली आपदा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है. बड़ी संख्या में लोग लापता हैं. 190 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है. इसके साथ ही आर्मी कैंप को भी नुकसान पहुंचा है. कई सैनिकों के लापता होने की खबर आ रही है. धराली गांव में बादल फटने की वजह से बनी आपदा जैसी स्थिति शासन-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्रवाई कर रहे हैं.

LIVE FEED

10:49 PM, 6 Aug 2025 (IST)

देर रात सीएम ने ली बैठक, रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की

देर रात्रि कैंप कार्यालय उत्तरकाशी में सीएम धामी ने NDRF और ITBP के के अधिकारियों के साथ बैठक कर धराली में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की. सेना, NDRF, ITBP,पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से धराली में वृहद स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बंद सड़कों को खोलने का काम भी निरंतर गतिमान है. जनजीवन को सामान्य बनाने के प्रयास जारी है.

6:45 PM, 6 Aug 2025 (IST)

उत्तरकाशी में मौसम साफ हुआ. टीमें हो रहीं रवाना

उत्तरकाशी में मौसम साफ हो गया है. इसके साथ ही लैंडस्लाइड होने से मार्ग पर फंसी एनडीआरएफ और मेडिकल टीमें अब भटवाड़ी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए धराली के लिए रवाना हो रही हैं.

5:37 PM, 6 Aug 2025 (IST)

एक्शन में इंडियन एयरफोर्स

भारतीय वायुसेना ने युद्धस्तर पर शुरू किया अभियान. बरेली में MI 17 और ALH Mk-III हाई अलर्ट पर हैं. आगरा से An-32 और C-295 विमान देहरादून पहुंच गए हैं. इन विमानों में राहत और बचाव सामग्री है जो प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी. बरेली और आगरा स्टेशन को रात के समय ही एक्टिव कर दिया गया था.

5:31 PM, 6 Aug 2025 (IST)

गंगोत्री में 300 यात्री, सभी सुरक्षित

उत्तरकाशी हादसे के बाद लगभग 300 यात्री गंगोत्री में हैं. सभी सुरक्षित हैं. सड़क खुलते ही सभी को बाहर निकाला जाएगा. आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दी गई जानकारी.

4:09 PM, 6 Aug 2025 (IST)

धराली से आर्मी के 11 घायल जवानों को लाया गया मातली

उत्तरकाशी के हर्षिल और धराली आपदा प्रभावितों के लिए राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है. आर्मी के 11 घायल जवानों को एयर लिफ्ट कर आईटीबीपी मातली पहुंचाया गया है.

4:08 PM, 6 Aug 2025 (IST)

पौड़ी में 5 लोग पानी के सैलाब में बहे, दो महिलाएं मलबे में दबी

उत्तराखंड में कुदरत का रौद्र रुप देखने को मिल रहा है. उत्तरकाशी के बाद अब पौड़ी गढ़वाल जिले से भी बड़ी खबर सामने आई है. पौड़ी तहसील के बुरांसी गांव में जहां दो महिलाएं मलबे में दबे होने की सूचना है तो वहीं बांकुड़ा गांव पांच मजदूरों के बहने की खबर सामने आई है.

3:52 PM, 6 Aug 2025 (IST)

रामनगर में कोसी नदी का जलस्तर 38 हजार क्यूसेक पार

कुमाऊं में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर होते जा रहे हैं. बुधवार को रामनगर में बहने वाली कोसी नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़कर 38 हजार क्यूसेक पर पहुंच गया. नदी उफान पर है और तेज बहाव के कारण किनारे बसे इलाकों में खतरा मंडराने लगा है. इसके साथ ही रामनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित धनगढ़ी नाला भी विकराल रूप में आ गया है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन नदी-नालों के किनारे पुलिस बल तैनात कर दिया है.

3:48 PM, 6 Aug 2025 (IST)

गंगोत्री हाईवे जगह-जगह वाश आउट, धराली पहुंचने के लिए एकमात्र हेली सेवा का सहारा

उत्तरकाशी धराली आपदा को 24 घंटे से भी ज्यादा का समय हो गया है लेकिन जिला प्रशासन आपदा प्रबंधन की टीम अब तक आपदाग्रस्त इलाकों में नहीं पहुंच पाई है, कारण है गंगोत्री नेशनल हाईवे कई जगह वाश आउट होना. वहीं, गंगगानी के पास गंगोत्री नेशनल हाईवे पर बना BRO का पुल भारी मलबा, पत्थर और बादल फटने के कारण बह गया है. जिस कारण हर्षिल, धराली और गंगोत्री जाने वाला नेशनल हाईवे भारी तबाही के कारण बंद हो गया है. दूसरी तरफ चीन सीमा तक जाने वाली सड़क और गंगोत्री जाने वाली सड़क का भी जिला मुख्यालय से पूरी तरह से संपर्क कट गया है. जिसको बनने में एक हफ्ते से भी ज्यादा का समय लग सकता है. धराली हर्षिल आपदा ग्रस्त इलाकों में जाने के लिए प्रशासन हेली सेवा के जरिए ही जा रहा है. अब देखना होगा कब तक मौसम साफ होता है और धराली में आपदा ग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव कार्य पहुंचाया जाएगा.

3:24 PM, 6 Aug 2025 (IST)

दो घायलों को लाया गया मातली आईटीबीपी अस्पताल

उत्तराकाशी के धराली में रेस्क्यू जारी है. धराली से दो घायल व्यक्तियों को मातली हेलीपैड लाया गया. फिर वहां से ITBP अस्पताल मातली पहुंचाया गया है. इस काम को SDRF और ITBP ने अंजाम दिया.

2:22 PM, 6 Aug 2025 (IST)

धराली पहुंचे सीएम धामी

उत्तरकाशी के आपदाग्रस्त धराली पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी. आपदा क्षेत्र का ले रहे हैं जायजा. प्रभावित लोगों से भी मिल रहे हैं सीएम.

2:20 PM, 6 Aug 2025 (IST)

उत्तरकाशी राहत कार्यों में जुटी ITBP

उत्तरकाशी आपदा में राहत कार्यों के लिए ITBP की पांच टीमें धराली में मौजूद. इन टीमों में 130 जवान शामिल हैं. अभी 100 से अधिक जवान रास्ते में हैं.

2:12 PM, 6 Aug 2025 (IST)

टिहरी झील का जलस्तर बढ़ा

पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश के कारण टिहरी बांध झील का जलस्तर बढ़ा. जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जनपद के अलग अलग शहरों में टिहरी में 58.00mm, किर्तीनगर में 75.00mm, धनौल्टी में 105.00mm, घनसाली में 13.00mm, देवप्रयाग में 90.5 और नरेंद्र नगर में 205,00mm बारिश दर्ज की गई है.

टिहरी झील का जलस्तर 805.94mtr पहुंच गया है जो बीते रोज 803.820mtr दर्ज किया गया था. बांध से लगभग 380 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं, गंगा नदी रामकुंड-देवप्रयाग के पास 461.34mtr के पास बह रही है. गंगा नदी- मायाकुंड मुनिकीरेती के पास 340.22 mtr के पास बह रही है. अलकनंदा नदी श्रीनगर मे 534.40mts के पास बह रही है.

टिहरी जिला प्रशासन ने आमजन से टिहरी झील के आसपास न जाने की अपील की है. जनपद में 7 स्टेट हाइवे व 25 लिंक मार्ग बंद हैं. विकासखंड, प्रतापनगर, चंबा, भिलंगना, थौलधार में बिजली आपूर्ति प्रभावित है. ऋषिकेश-गंगोत्री हाइवे NH-34 स्यांसू व कंडासौड़ पनियाली के पास मलबा आने से बंद है. रास्ता बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में जा रही टीमें फंसी हुई हैं.

1:56 PM, 6 Aug 2025 (IST)

कैंची धाम के पास उफान पर शिप्रा नदी

उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट. नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर के पास शिप्रा नदी आई उफान पर. लगातार मूसलाधार बारिश से श्रद्धालुओं की संख्या घटी. पहले एक दिन में 4 से 5 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे कैंची धाम. बुधवार सुबह मंदिर पहुंचे गिने चुने भक्त. रेड अलर्ट के चलते प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक सफर न करने की हिदायत दी है.

Kainchi Dham Nainital
कैंची धाम के पास उफान पर शिप्रा नदी. (ETV Bharat)

1:50 PM, 6 Aug 2025 (IST)

हर्षिल में आपदा प्रभावितों से मिले सीएम धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी हर्षिल पहुंचे हैं. यहां वो आपदा प्रभावितों से मिल रहे हैं. आपदा राहत सामग्री और खाद्य सामग्री लेकर भी एक हेलीकॉप्टर पहुंचा है.

1:22 PM, 6 Aug 2025 (IST)

त्रिवेंद्र रावत ने कहा युद्ध स्तर पर चल रहा है राहत और बचाव कार्य

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. सरकार पूरी तरह निगाहें रखी हुई है.

1:05 PM, 6 Aug 2025 (IST)

उत्तराखंड के सांसदों ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात

उत्तराखंड में आई आपदा के बाद उत्तराखंड के सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाकात की. पीएम ने केंद्र सरकार से मदद का आश्वासन दिया. सांसदों ने कहा कि जगह जगह रस्ते बंद हैं, इसलिए वहां राहत पहुंचने में दिक्कत आ रही है. पीएम ने कहा वो हरसंभव मदद करेंगे और वो इस घटना की मॉनिटरिंग खुद कर रहें है. मुलाकात करने वालों में सांसद अनिल बलूनी, रानी माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत शामिल थे. उत्तराखंड के इन सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की.

1:00 PM, 6 Aug 2025 (IST)

सीएम धामी ने आपदा प्रभावित महेंद्र चौहान से की मुलाकात

उत्तरकाशी धराली आपदा प्रभावित महेंद्र चौहान से सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात की. इस दौरान महेंद्र चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने जल्द हेली सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया है, ताकि मौके से लोगों को रेस्क्यू किया जा सके. महेंद्र चौहान ने बताया कि उनकी बहन, पति और बच्चा लापता हैं और घटना के बाद उनसे उनका संपर्क नहीं हो पाया है.

12:23 PM, 6 Aug 2025 (IST)

अब तक 135 लोगों का रेस्क्यू

धराली आपदा प्रभावित इलाके से ताजा अपडेट आया है. हर्षिल, धराली में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. रेस्क्यू टीमों द्वारा आपदा स्थल से 135 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है. धराली के पास (गंगोत्री की तरफ) से लगभग 100 लोग तथा हर्षिल आर्मी गेट से नीचे की तरफ 35 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. जिलाधिकारी उत्तरकाशी, प्रशांत आर्या एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सरिता डोबाल द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है. अतिरिक्त कार्यबल को आपदाग्रस्त क्षेत्र में भेजने की क़वायद जारी है.

11:00 AM, 6 Aug 2025 (IST)

11 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की टीम धराली में तैनात

धराली के आपदा प्राभावित क्षेत्रों में भारतीय सेना के साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम राहत बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं. लगातार हो रही बारिश और बिजली, संचार की सुविधा न होने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. धराली क्षेत्र में आयी प्राकृतिक आपदा के चलते आपदा प्रभावित क्षेत्र में मरीजों के उपचार के लिए 11 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की टीम गठित की गई है. इसमें 5 सर्जन स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स, चार आर्थो स्पेशलिस्ट और दो फिजिशियन डॉक्टर्स शामिल हैं. इन सभी डॉक्टर्स की टीम गठित करते हुए चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ आशुतोष सयाना ने तत्काल, प्रभावित क्षेत्र में जाने के निर्देश दिए हैं. 11 डॉक्टर्स की टीम मंगलवार को ही घटना स्थल के लिए रवाना हो गई थी. गठित डॉक्टर्स टीम के सर्जन टीम में डॉ० आरएस बिष्ट, डॉ सुमित, डॉ गुलशेर, डॉ अमित, डॉ वैभव शामिल हैं. ऑर्थो टीम में डॉ चन्द्रशेखर, डॉ मानवेन्द्र रावत, डॉ निशान्त, डॉ अभिषेक शामिल हैं. इसके साथ ही फिजिशियन टीम में डॉ अरुण पांडे और डॉ आदित्य शामिल हैं. ये सभी डॉक्टर्स अगले आदेशों तक उत्तरकाशी के प्रभावित क्षेत्रों में ही अपनी सेवाएं देंगे.

10:23 AM, 6 Aug 2025 (IST)

धराली गांव में फंसे 200 लोगों को निकालने के लिए सेना बना रही रास्ता

आईटीबीपी और आर्मी के जवान धराली में बीच गांव में फंसे ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए वहां करीब 25 फीट ऊंचे मलबे में रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं. अस्थाई पुलिया बनाने की हो रही कोशिश. गांव में अभी भी फंसे हैं करीब 200 लोग.

10:13 AM, 6 Aug 2025 (IST)

सीएम धामी हर्षिल और धराली में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे.

10:10 AM, 6 Aug 2025 (IST)

मौसम साफ होने पर उड़ान भरेंगे हेलीकॉप्टर

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि हमारे पास 4-5 हेलीकॉप्टर उपलब्ध हैं. जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, हम राहत और बचाव के लिए हवाई प्रयास शुरू कर देंगे. अभी हर्षिल हेलीपैड पानी में डूबा हुआ है.

9:54 AM, 6 Aug 2025 (IST)

आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने धराली पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, धराली बाजार, हर्षिल एवं आसपास के क्षेत्रों में आपदा से हुई क्षति का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे उत्तरकाशी. सीएम ने कहा कि हमारे लिए हर व्यक्ति की जान कीमती है. ग्राउंड जीरो पर तेजी से राहत कार्य किए जा रहे हैं. अब तक 80 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. राहत एवं बचाव कार्यों के त्वरित सम्पादन के लिए शासन स्तर पर तीन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. वायु सेना से भी मदद मांगी गई है. मैं स्वयं भी आपदा स्थल का निरीक्षण कर रहा हूं. आपदा की इस घड़ी में पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है.

9:25 AM, 6 Aug 2025 (IST)

पीएम मोदी ने सीएम धामी से लिया धराली राहत और बचाव कार्यों का अपडेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की है. पीएम ने धराली आपदा में हुए नुकसान और राहत बचाव कार्यों का अपडेट लिया. मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई है. लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके. प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.

8:37 AM, 6 Aug 2025 (IST)

उत्तरकाशी में कई जगह लैंडस्लाइड, गंगोत्री नेशनल हाईवे बंद

आपदाग्रस्त उत्तरकाशी जिले में बारिश जारी है. जनपद में नेताला से लेकर भटवाड़ी के पापड़गाड़ तक दो स्थानों के पास सड़क धंसी है. गंगोत्री हाईवे पर नेताला और मनेरी-ओंगी के बीच नदी से सड़क पर कटाव हो रहा है. पापड़गाड़ में आज सड़क का खुलना मुश्किल.

7:36 AM, 6 Aug 2025 (IST)

मौसम विभाग बोला बादल नहीं फटा, जियोलॉजिस्ट ने किया ये दावा

उत्तराखंड का मौसम विभाग उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा को बादल फटने से हुई आपदा मानने से इनकार कर चुका है. मौसम विभाग का कहना है कि बादल नहीं फटा था. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने यह साफ कहा है कि फिलहाल उत्तरकाशी में बादल फटने जैसी कोई भी घटना का डाटा रिकॉर्ड नहीं किया गया है. लिहाजा सीधे तौर पर इसे बादल फटना नहीं कहा जा सकता. इधर उत्तराखंड के उत्तरकाशी धराली में आई भीषण आपदा के कारणों की एक्सक्लूसिव तस्वीर सामने आई हैं. भूटान में PHP-1 के वरिष्ठ जियोलॉजिस्ट इमरान खान ने उस ग्लेशियर डिपोजिट स्लाइड की तस्वीरें साझा की हैं.

जियोलॉजिस्ट इमरान खान ने बताया कि-

धराली गांव से लगभग 7 किमी ऊपर की ओर, समुद्र तल से लगभग 6,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित, ग्लेशियर डिपाजिट डेबरी का एक बड़ा हिस्सा टूटने से मलबा तेजी से नीचे घाटी की ओर आया. सैटेलाइट इमेज के अनुसार ग्लेशियर मलबे की मोटाई 300 मीटर और क्षेत्रीय विस्तार तकरीबन 1.12 वर्ग किलोमीटर का बताया गया है. जिसके कारण निचले इलाकों में तबाही मची है.-इमरान खान, जियोलॉजिस्ट, भूटान में चल रहे PHPA-1 में सेवारत-

6:57 AM, 6 Aug 2025 (IST)

बीस करोड़ की धनराशि जारी, आज धराली जाएंगे सीएम धामी

राज्य आपदा मोचन निधि से धराली में आपदा राहत एवं बचाव कार्य के लिए 20 करोड़ की धनराशि जारी की गई है. आज सीएम धामी उत्तरकाशी धराली आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करेंगे. सीएम धामी मौके पर जाकर राहत बचाव कार्यों का जायजा लेंगे. मुख्यमंत्री आपदा पीड़ितों से मुलाकात भी करेंगे. इससे पहले मंगलवार को सीएम धामी अपना आंध्र प्रदेश का दौरा बीच में ही छोड़कर उत्तराखंड लौट आए. देहरादून पहुंचते ही ही सीएम सीधे आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे. उन्होंने आपदा में हुए नुकसान और राहत बचाव कार्यों का अपडेट लिया. इधर उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण दैवीय आपदा के बाद कांग्रेस ने चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को प्रभावितों की सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी के चार वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी दी है. प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री घनानंद नौटियाल, जिला अध्यक्ष उत्तरकाशी मनीष राणा, अनुसूचित जाति के पूर्व अध्यक्ष दर्शन लाल और पूर्व नगर अध्यक्ष उत्तरकाशी दिनेश गौड़ शामिल हैं.

UTTARKASHI DHARALI NATURAL DISASTER
धराली के लिए डॉक्टर की टीम रवाना (Photo- ETV Bharat)
Last Updated : August 7, 2025 at 11:35 AM IST