ETV Bharat / bharat

हरियाणा इनेलो अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या, एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत, गृहमंत्री ने दिए जांच के आदेश

author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : Feb 25, 2024, 6:41 PM IST

Updated : Feb 25, 2024, 9:55 PM IST

Nafe Singh Rathi Murder: कार सवार बदमाशों ने रविवार को इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के हरियाणा अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी. बदमाशों ने बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास उनकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इसमें एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई.

Nafe Singh Rathi Murder
Nafe Singh Rathi Murder

हरियाणा इनेलो अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या

झज्जर: रविवार को कार सवार बदमाशों ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी. इनेलो मीडिया सेल के इंचार्ज राकेश सिहाग ने उनकी मौत की पुष्टी की. बताया जा रहा है कि रविवार को बदमाशों ने बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास उनकी कार पर अंधाधुंध फारिंग कर दी. इस फायरिंग में नफे सिंह राठी की मौत हो गई. उनके तीन सुरक्षाकर्मियों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं.

जानें डॉक्टर ने क्या कहा.

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष की हत्या: बताया जा रहा है कि हमलावर आई-10 कार में सवार होकर आए थे. बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास बदमाशों ने नफे सिंह की कार पर फायरिंग कर दी. जिसमें नफे सिंह राठी और उनके एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं. घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई.

झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा कि "हमें फायरिंग की घटना की सूचना मिली है. सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं. आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा"

गृहमंत्री अनिल विज ने दिए जांच के आदेश: हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने पुलिस अधिकारियों को जांच के आदेश दिए हैं. अनिल विज ने कहा "मैंने अधिकारियों से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। एसटीएफ भी हरकत में आ गई है...घटना की जांच की जा रही है।"

'नफे सिंह को क्यों नहीं मिली सुरक्षा?' इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा "इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह जी हमारे बीच नहीं रहें। उन पर हुए कायराना हमले से पूरा इनेलो परिवार स्तब्ध है, नफे सिंह जी हमारी पार्टी ही नहीं हमारे परिवार का हिस्सा थे, वो मेरे भाई समान थे। नफे सिंह जी ने हाल ही में सीएम, गृहमंत्री और आइजी को खुद पर होने वाले हमले की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। उस समय तो सरकार ने राजनीति की और सुरक्षा नहीं दी। क्या सरकार इस में बराबर दोषी नहीं है? भगवान नफे सिंह जी की आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।"

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने नफे सिंह राठी की हत्या की खबर पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा 'हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मारकर हत्या करने का समाचार बेहद दुखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।'

'हरियाणा में जंगलराज': कांग्रेस हरियाणा अध्यक्ष उदय भान ने भी इस हमले की निंदा की. उन्होंने कहा "इनेलो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या का समाचार बेहद दुःखद है। भावभीनी श्रद्धांजलि। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब हरियाणा में एक राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं है, तो फिर आम आदमी की सुरक्षा का जिम्मा कौन उठाएगा? आखिर कब तक यह सरकार प्रदेश के जंगलराज पर अपने थोथे दावों का मुखौटा लगाकर घूमेगी?"

सुशील गुप्ता ने सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा: इस घटना पर आम आदमी पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा "बहादुरगढ़ में इनेलो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मारकर हत्या कर देने की दुखद सूचना से स्तब्ध हूं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करता हूं। साथ ही परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। आज झज्जर जिले में मुख्यमंत्री के रहते हुए दिन दहाड़े एक पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष यदि सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा की तो कल्पना ही नहीं की जा सकती।"

जेजेपी ने की घटना की निंदा : वहीं जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी के निधन पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने कहा कि "नफे सिंह राठी की हत्या बेहद दुखद है और ये घटना बहुत ही निंदनीय हैं. नफे सिंह हमारे पुराने साथी रहे हैं और उनका निधन अपूरणीय क्षति है. शोकाकुल परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर परिवार को ये क्षति सहने की शक्ति प्रदान करे और नफे सिंह जी की आत्मा को शांति प्रदान करे".

कौन थे नफे सिंह राठी: नफे सिंह राठी इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष थे. वो बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधानसभा सदस्य चुने गए. नफे सिंह राठी ऑल इंडिया इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे.

Last Updated :Feb 25, 2024, 9:55 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.