ETV Bharat / bharat

राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर की बड़ी मांग, पढ़ें खबर - Rahul On Women Reservation

author img

By PTI

Published : Mar 29, 2024, 12:35 PM IST

राहुल गांधी ने कहा, 'इसलिए कांग्रेस ने फैसला किया है कि सभी नई सरकारी नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी जाएं. हम संसद और विधानसभा में भी महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के पक्ष में हैं.'

CONG ON WOMEN RESERVATION
राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की 'नारी न्याय' गारंटी का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि 50 प्रतिशत सरकारी पदों पर महिलाओं की भर्ती से देश की हर महिला सशक्त होगी और सशक्त महिलाएं भारत की तकदीर बदल देंगी. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'आज भी 3 में से सिर्फ एक महिला के हाथ में रोजगार क्यों है? 10 सरकारी नौकरियों में से बस एक पद पर महिला क्यों है?'

उन्होंने सवाल किया, 'क्या भारत में महिलाओं की आबादी 50 प्रतिशत नहीं है? क्या उच्च माध्यमिक और उच्च शिक्षा तक महिलाओं की मौजूदगी 50 प्रतिशत नहीं है? अगर है तो फिर सिस्टम में उनकी हिस्सेदारी इतनी कम क्यों?' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस चाहती है - 'आधी आबादी, पूरा हक', हम समझते हैं कि महिलाओं की क्षमता का पूरा उपयोग तभी होगा जब देश को चलाने वाली सरकार में महिलाओं का बराबर योगदान होगा.'

राहुल गांधी ने कहा, 'इसलिए कांग्रेस ने फैसला किया है कि सभी नई सरकारी नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी जाएं. हम संसद और विधानसभा में भी महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के पक्ष में हैं.' उन्होंने कहा कि सुरक्षित आय, सुरक्षित भविष्य, स्थिरता और आत्मसम्मान से भरी महिलाएं सही मायने में समाज की शक्ति बनेंगी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा, '50 प्रतिशत सरकारी पदों पर महिलाओं की भर्ती से देश की हर महिला सशक्त होगी और सशक्त महिलाएं भारत की तकदीर बदल देंगी.'

पढ़ें: लोकसभा चुनाव : खड़गे, राहुल और प्रियंका गांधी अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू करेंगे प्रचार - Lok Sabha Elections

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.