ETV Bharat / bharat

आंध्र प्रदेश में भाजपा, टीडीपी और जनसेना पार्टी के बीच गठबंधन पर बनी सहमति : नायडू

author img

By PTI

Published : Mar 9, 2024, 7:15 PM IST

BJP TDP Jana Sena alliance : आंध्र प्रदेश में भाजपा, टीडीपी और जनसेना पार्टी के बीच गठबंधन पर सहमति बन गई है. आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भाजपा और तेदेपा का साथ आना देश और राज्य दोनों के लिए लाभदायक है.

N Chandrababu Naidu
चंद्रबाबू नायडू

नई दिल्ली : तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना पार्टी के बीच एक गठबंधन करने पर सहमति बन गई है.

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, 'आंध्र प्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया गया है; भाजपा और तेदेपा का साथ आना देश एवं राज्य के लिए लाभदायक है.' उन्होंने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की.

नायडू ने दावा किया कि लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेदेपा-भाजपा-जनसेना गठबंधन विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर देगा. उन्होंने आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पर भी निशाना साधा.

सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दूसरे दौर की बातचीत के बाद तीनों दलों ने गठबंधन पर मुहर लगा दी. उन्होंने कहा कि भाजपा और जन सेना मिलकर आंध्र प्रदेश में लगभग आठ लोकसभा और 30 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ सकते हैं.

सूत्रों के मुताबिक, तेदेपा शेष 17 लोकसभा सीट और 145 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने बताया कि गठबंधन की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी.

सूत्रों ने बताया कि भाजपा आंध्र प्रदेश की करीब छह लोकसभा सीट और इतनी ही संख्या में विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ सकती है. उन्होंने बताया कि गठबंधन पर सहमति नायडू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण के बीच दूसरे दौर की बातचीत के दौरान बनी. आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ ही विधानसभा के चुनाव भी होने हैं.

ये भी पढ़ें

चंद्रबाबू नायडू ने आपसी मतभेद खत्म करने की कोशिश में अमित शाह से मुलाकात की


ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.