झारखंड

jharkhand

KIYG 2021: हजारीबाग के सदानंद राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ बने सबसे तेज धावक

By

Published : Jun 9, 2022, 2:19 PM IST

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में हजारीबाग के सदानंद राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ सबसे तेज धावक बने हैं. इसके साथ उन्होंने चौथी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में झारखंड को पहला गोल्ड दिलाया है.

Sadanand of Hazaribag
Sadanand of Hazaribag

हजारीबाग: जिला के सदानंद कुमार ने चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games 2021) में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ सबसे तेज धावक बनने का गौरव प्राप्त किया है. हरियाणा के पंचकुला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में सदानंद कुमार ने 100 मीटर फर्राटा दौड़ में 2019 में बनाए गए रिकार्ड को तोड़कर नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता है.

इस बार की प्रतियोगिता में झारखंड को पहला गोल्ड: चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हजारीबाग के सदानंद ने झारखंड को पहला स्वर्ण पदक दिलाते हुए और देश का सबसे तेज धावक बनकर उभरा है. इससे पहले ऋतिक मल्लिक ने मंगलागिरी 2019 में 10.65 सेकेंड का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे सदानंद ने 10.63 सेकेंड के साथ तोड़ा है. इसी प्रतियोगिता में रांची के आशु कुमार सिंह ने 10.79 सेकेंड के साथ झारखंड के लिए कांस्य पदक जीता है. इधर झारखंड बालक टीम 4 गुणा 100 मीटर रिले में विशाल कुमार, आंसू कुमार सिंह, विशाल बहादुर, सदानंद कुमार की चौकड़ी ने झारखंड को रजत पदक दिलाया.

झारखंड के खिलाड़ियों को बधाई: केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा के पंचकुला में 3 जून से 13 जून तक आयोजित प्रतियोगिता खेलो इंडिया यूथ गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया है. प्रतियोगिता के पांचवे दिन झारखंड के एथलीटों ने राज्य की झोली में पहला गोल्ड डाला है. इस उपलब्धि पर झारखंड के खेल निदेशक जीशान कमर, हजारीबाग की उपायुक्त नेंसी सहाय, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक और हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल ने झारखंड के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

ABOUT THE AUTHOR

...view details