दिल्ली

delhi

एफआईएच प्रो हॉकी लीग : भारत ने न्यूजीलैंड को हराया, हरमन, कार्ति ने दागे दो-दो गोल

By

Published : Nov 4, 2022, 9:13 PM IST

Updated : Nov 4, 2022, 10:42 PM IST

भारत ने एफआईएच प्रो हॉकी लीग में न्यूजीलैंड को 7-4 से हरा दिया है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह और कार्ति सेलवम ने दो-दो गोल किए.

India beat New Zealand
भारत ने न्यूजीलैंड को हराया

भुवनेश्वरःएफआईएच प्रो हॉकी लीग 2022 (FIH Pro League 2022) में भारतीय पुरुष हॉकी टीम (Indian Men Hockey Team) ने न्यूजीलैंड को 7-4 से हरा दिया है. भारतीय टीम ने 28 अक्टूबर को हुए पहले चरण के मुकाबले में भी न्यूजीलैंड को 4-3 से पराजित किया था. टीम पहले 15 मिनट में जूझती नजर आयी जिसमें उसने तीन गोल गंवा दिये थे लेकिन अगले तीन क्वार्टर में दो दो गोल कर टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया.

न्यूजीलैंड ने पहले क्वार्टर में दबदबा बनाया लेकिन भारत के बार बार हमलों के आगे वो दबाव में आ गई और फिर अगले तीन क्वार्टर में केवल एक गोल ही कर सकी. कप्तान हरमनप्रीत सिंह (Harmanpreet Singh) (सातवें और 19वें मिनट, दोनों पेनल्टी कॉर्नर), कार्ति सेलवम (Karti Selvam) (17वें और 38वें मिनट), राज कुमार पाल (31वें मिनट), सुखजीत सिंह (50वें मिनट) और जुगराज सिंह (53वें मिनट) ने भारत के लिये गोल दागे.

न्यूजीलैंड की ओर से साइमन चाइल्ड (दूसरे), सैम लेन (नौंवे), स्मिथ जेक (14वें) और निक वुड्स (54वें) ने गोल किए. भारत को मैच के दौरान 11 पेनल्टी कॉर्नर मिले जिसमें से तीन गोल में तब्दील हुए. भारतीयों ने आक्रामक हॉकी खेलते हुए 29 बार सर्कल में सेंध लगाई जबकि इसकी तुलना में न्यूजीलैंड 13 बार ही ऐसा कर पायी. भारत का गेंद पर दबदबा 56 प्रतिशत रहा और विपक्षी टीम के गोल में 12 शॉट लगाये जबकि न्यूजीलैंड टीम ऐसा छह बार ही कर सकी. भारत रविवार को दूसरे चरण के मैच में स्पेन से भिड़ेगा. भारत को 30 अक्टूबर को स्पेन से 2-3 से हार मिली थी.

इसे भी पढ़ें- FIH Pro League 2022 : भारत को स्पेन ने हराया, कमजोर दिखी भारतीय रक्षा पंक्ति

भारतीय टीम :

पीआर श्रीजेश (गोलकीपर), हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, कार्ति सेलवम, जुगराज सिंह, सुरेंद्र कुमार, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, राज कुमार पाल, शमशेर सिंह, अभिषेक, मनदीप सिंह.

(पीटीआई-भाषा)

Last Updated :Nov 4, 2022, 10:42 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details