दिल्ली

delhi

Crude Oil Imports : रूस बना भारत का सबसे बड़ा पार्टनर, कच्चा तेल आयात में इस देश को पीछे छोड़ा

By

Published : Apr 9, 2023, 1:47 PM IST

रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद भारत- रूस तेल व्यापार मजबूत हुआ है. मार्च में रूस से भारत का कच्चा तेल आयात इराक से दोगुना हो गया है. यह लगातार छठी महीना है जब रूस भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है.

Crude Oil Imports
कच्चा तेल आयात में रूस बना भारत का सबसे बड़ा पार्टनर

नई दिल्ली : रूस से भारत का कच्चे तेल का आयात मार्च में बढ़कर 16.4 लाख बैरल प्रतिदिन (बीपीडी) की नई ऊंचाई पर पहुंच गया. इस तरह रूस से भारत का तेल आयात इराक की तुलना में दोगुना हो गया है. ऊर्जा की खेप पर निगाह रखने वाली वॉर्टेक्सा के अनुसार, रूस लगातार छठे महीने भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है. भारत के कच्चे तेल के आयात में रूस का हिस्सा एक-तिहाई से अधिक है. कच्चे तेल को रिफाइनरी इकाइयों में पेट्रोल और डीजल में बदला जाता है.

रसिया- यूक्रेन युद्ध के बाद भारत- रूस तेल व्यापार मजबूत
रिफाइनरी कंपनियां अन्य ग्रेड की तुलना में रियायती मूल्य पर उपलब्ध रूसी तेल खरीद कर रही हैं. फरवरी, 2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने से पहले भारत के कच्चे तेल के आयात में रूस की बाजार हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से भी कम थी. मार्च में रूस से भारत का कच्चे तेल आयात बढ़कर 16.4 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया. भारत के आयात में रूस की हिस्सेदारी 34 प्रतिशत हो गई है.

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक
मार्च में भारत की रूस से कच्चे तेल की खरीद इराक से दोगुना रही है. इस दौरान इराक से कच्चे तेल का आयात 8.1 लाख बैरल प्रतिदिन से अधिक रहा है. इराक 2017-18 से भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता था. चीन और अमेरिका के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल आयातक है. यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिम ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं. ऐसे में रूसी कच्चा तेल रियायती मूल्य पर उपलब्ध है और भारत इसकी जमकर खरीद कर रहा है.

इन देशों से भारत तेल आयात करता है
वॉर्टेक्सा के अनुसार, मार्च में सऊदी अरब 9.86 लाख बैरल प्रतिदिन के साथ भारत का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता था. वहीं इराक 8.21 लाख बैरल प्रतिदिन की आपूर्ति के साथ तीसरे नंबर पर था. मार्च में संयुक्त अरब अमीरात 3.13 लाख बैरल प्रतिदिन के साथ भारत का चौथा सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बन गया. इसने अमेरिका को पीछे छोड़ा. अमेरिका ने मार्च में भारत को 1.36 लाख बैरल प्रतिदिन कच्चे तेल की आपूर्ति की. फरवरी में अमेरिका से भारत का आयात 2.48 लाख बैरल प्रतिदिन था.

पढ़ें :घरेलू कच्चे तेल पर अप्रत्याशित लाभ कर शून्य हुआ, डीजल निर्यात पर 50 प्रतिशत की कटौती

ABOUT THE AUTHOR

...view details