दिल्ली

delhi

Draupadi Murmu in Jharkhand: खूंटी में महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में राष्ट्रपति, कहा- बेहतर करने के लिए हमें खुद को तैयार करना होगा

By

Published : May 25, 2023, 3:59 PM IST

Updated : May 25, 2023, 5:09 PM IST

president-draupadi-murmu-at-women-self-help-group-conference-in-khunti
खूंटी ()

तीन दिवसीय झारखंड दौरे के दूसरे दिन खूंटी में महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं. अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि बेहतर करने के लिए हमें खुद को तैयार करना होगा. महिला स्वयं सहायता समूह के कारण ही झारखंड के आदिवासी परिवार अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतरी में दो कदम आगे हैं.

देखें वीडियो

खूंटीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को जिले के बिरसा कॉलेज परिसर स्थित फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. राष्ट्रपति ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए स्टॉल को देखा और उनके साथ बातचीत भी की. लगभग दो घंटे राष्ट्रपति ने खूंटीवासियों को अपना समय दिया.

इसे भी पढ़ें- झारखंड दौरे पर खूंटी पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कहा- प्रदेश ने 22 सालों में उम्मीद के मुताबिक तरक्की नहीं की, सोचना चाहिए क्यों

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उपयोग कर बेहतर काम किया जा सकता है और बेहतर करने के लिए हमें खुद को तैयार करना होगा. क्योंकि सरकार की योजनाओं के लिए घर पर बैठे रहेंगे तो योजना नहीं मिल सकती. राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार हमारे पास आती है लेकिन अगर हम खुद सरकार के पास जाकर योजना लेंगे तो आसानी से मिलेगा और खुद के साथ साथ समाज का विकास होगा. उन्होंने कहा कि अगर सरकार सौ कदम चले है आम जनता को कम से कम दस कदम जरूर चलना चाहिए.

राष्ट्रपति ने झारखंड से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा एक ऐसा भी समय था जब जंगलों में जो भी प्रोडक्ट आते हैं उसका मूल्य नहीं होता था. उस वक्त आधी रात को उनकी मां महुआ चुनने के लिए उन्हें उठा देती. द्रौपदी मुर्मू ने बीते दिनों को याद करते हुए बताया कि महुआ चुनकर लाकर उन्हें सुखाती और जब कभी उनके घर खाना नहीं हुआ करता था पूरा परिवार महुआ को उबालकर खाते थे. लेकिन आज चीजें बदल रहीं हैं. जंगलों में बिना मोल का महुआ आज एक प्रोडक्ट बन गया है. महुआ से कई सामान बनाए जा रहे हैं, इसमें केक भी शामिल है, इस केक के अच्छे दाम महिलाओं को मिल रहे हैं. आज महिलाएं पारंपरिक खेती पर निर्भर नहीं बल्कि तकनीक और मेहनत से व्यावसायिक खेती कर विकास के नयी कहानी लिख रही हैं. सरकार द्वारा बनाए महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को विकास की एक नई दिशा दे रही है.

खूंटी में महिलाओं से राष्ट्रपति की मुलाकात हुई. जिले की 22 चयनित एसएचजी की महिलाओं से उन्होंने सीधा संवाद भी किया और उनके कार्यों को सुना. समूह से जुड़ी अलग अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली और सामाजिक कुरीतियों से लड़कर आगे बढ़ने वाली महिलाओं को सुनकर, उन्हें बेहतर करने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी किया. राष्ट्रपति से बातचीत करने वाली महिलाओं ने बताया कि उनसे बात करते काफी अच्छा लगा, राष्ट्रपति ने हमारी बातों को सुना और सामाजिक बाधाओं को दूर तक खुद को आगे लेकर बढ़ी, इसके लिए महिलाओं के कार्यों की सराहना भी की.

राष्ट्रपति से मिलने वाली महिलाओं से ईटीवी भारत की बातचीत

राष्ट्रपति के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सम्मेलन को संबोधित किया. अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि झारखंड में आदिवासियों के लिए बनने वाली सभी योजनाएं आज भी कागजों पर चल रही हैं, धरातल पर योजनाएं दिखती नहीं है. हालांकि हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के जनजातीय मंत्रालय की तारीफ की और कहा कि केंद्र में अर्जुन मुंडा झारखंड की सहायता कर रहे हैं और आदिवासियों के विकास में गति आई है. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अर्जुन मुंडा जब से जनजातीय विभाग में मंत्री बने है तो सक्रियता बढ़ी है. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वो उम्मीद करते हैं कि जब तक अर्जुन मुंडा मंत्री बने रहेंगे आदिवासियों के विकास के लिए उनकी सक्रियता बनी रहेगी.

खूंटी में महिला स्वयं सहायता समूह के सम्मेलन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरूता, झारखंड की मंत्री जोबा मांझी, तोरपा विधायक कोचे मुंडा, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा और विधायक विकास सिंह मुंडा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सह लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

Last Updated :May 25, 2023, 5:09 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details