छत्तीसगढ़

chhattisgarh

Hath Se Hath Jodo Yatra: कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, राहुल गांधी का संदेश लोगों तक पहुंचाएगी कांग्रेस

By

Published : Jan 20, 2023, 2:27 PM IST

Hath Se Hath Jodo Yatra

Mega Congress campaign: 26 जनवरी से कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू हो रहा है. इस अभियान के तहत कांग्रेसी हर ब्लॉक में रोज 10 किलोमीटर यानी 307 ब्लॉक में 3000 किलोमीटर पदयात्रा करेंगे. 2 महीने तक यह पदयात्रा चलेगी. हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेस अपनी सफलता और केंद्र सरकार की नाकामियां गिनाएगी.

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि ''यह विशाल अभियान पदयात्रा के रूप में देश की सभी ग्राम पंचायतों, गांवों और मतदान केंद्रों को कवर करेगा. इस अभियान में मोदी सरकार की नाकामियों और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ ही आरक्षण संशोधन विधेयक पर भाजपा के षडयंत्र को भी जनता तक ले जायेंगे. हम हर ब्लॉक में रोज 10 किमी, 307 ब्लॉक में 3000 किमी चलेंगे.'' यह अभियान तीन स्तर पर चलेगा.


गांव और ब्लॉक स्तर पर अभियान: अभियान की शुरुआत ब्लॉक स्तर पर उद्घाटन बैठक से होगी. दो महीने के लिए पदयात्रा, हर गांव और मतदान केंद्र तक जायेगी. हर गांव में बैठक होगी. डोर टू डोर जनसंपर्क होगा. यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का पत्र हर घर देंगे. मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जायेगी. हर दरवाजे पर भारत जोड़ो यात्रा का स्टीकर चिपकाया जाएगा. हर गांव में भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे. यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई पूरे ब्लॉक में बाइक रैली निकालेगी.

जिला स्तर पर अभियान, कार्यकर्ता मेला: कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान जिला स्तर पर भी व्यापक तरीके से होगा. हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का सम्मेलन होगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और राज्य के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और संबोधित करेंगे.

राज्य स्तर पर अभियान, कार्यकर्ता महासंगम: राज्य स्तर पर समापन में बड़ी रैली होगी. महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्तर के नेता आयेंगे. भारत जोड़ो मेला भी आयोजित होगा. राज्य स्तर पर युवा केंद्रित कार्यक्रम होगा. विशाल एलईडी स्क्रीन पर यात्रा के दृश्य दिखाए जायेंगे. प्रसिद्ध गायकों, कलाकारों, सोशल मीडिया प्रभावकों के साथ संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राजधानी में महिला मार्च निकलेगा. प्रियंका गांधी समापन रैली में महिला घोषणा पत्र का विमोचन करेंगी.


एआईसीसी अभियान को लेकर गंभीर: कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि ''राहुल गांधी ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने इतिहास बनाया. उन्होंने देश में एकता भाईचारा कायम करने के लिये 3700 किमी की पदयात्रा कर देश को जोड़ने का काम किया. हाथ से हाथ जोड़ो भारत जोड़ो का दूसरा चरण है. एआईसीसी इस अभियान को लेकर गंभीर है. हमें इस अभियान के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक जाना है.''

कांग्रेस ने बैठक कर बनाई रणनीति: गुरुवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अहम बैठक भी हुई. इस बैठक में कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शामिल हुए. अभियान की तैयारी और कार्यक्रम की विस्तृत रणनीति बनाई गई. मोहन मरकाम ने बताया कि '' यह जन संवाद कार्यक्रम सफल भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार होगा. पदयात्रा का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करेगी. पदयात्रा का नेतृत्व करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक या दो वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया जाएगा और नामों को एआईसीसी को सूचित किया जाएगा.

ABOUT THE AUTHOR

...view details