उत्तराखंड में राखी पर फ्री बस सेवा का लाभ उठा रही हैं बहनें, कल भी रोडवेज में नहीं लगेगा टिकट, आधार कार्ड रखें साथ
उत्तराखंड की धामी सरकार ने रक्षा बंधन पर 28 और 29 अगस्त को रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए फ्री सेवा दी है
By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 28, 2026 at 11:07 AM IST
|Updated : August 28, 2026 at 11:41 AM IST
देहरादून: आज रक्षा बंधन है. उत्तराखंड में रक्षा बंधन हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं. भाई उन्हें रक्षा का वचन दे रहे हैं. इस मौके पर धामी सरकार ने बहनों को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा का तोहफा दिया है. आज तो उत्तराखंड की महिलाएं रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कर ही रही हैं, कल यानी 29 अगस्त को भी उन्हें फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी.
रक्षा बंधन पर दो दिन राज्य की महिलाओं को फ्री बस सेवा: ये फ्री यात्रा सेवा महिलाओं को प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ मिली है. उत्तराखंड शासन द्वारा इस संबंध में पहले ही आदेश जारी कर दिए गए थे. रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके जाती हैं. अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं. परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं. राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिली है.
पर्व पर महिलाओं का सफर आसान बनाना है लक्ष्य: सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना तथा उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है. रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए हमारी सरकार का यह निर्णय महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है.
फ्री बस सेवा पर हुए खर्च की भरपाई करेगी सरकार: इस संबंध में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने शासनादेश में स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने पर उत्तराखंड परिवहन निगम का जो खर्चा होगा, उसकी प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी.
सीएम धामी ने रक्षा बंधन की बधाई दी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा बंधन के पर्व पर प्रदेश की बहनों को बधाई दी है. उन्होंने कहा- समस्त प्रदेशवासियों को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
हमारी सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस रक्षाबंधन पर प्रदेश की सभी बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि आपके सामाजिक उत्थान तथा आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयास करती रहेगी।
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की महिलाओं को धामी सरकार का तोहफा, 2 दिन बसों में सफर फ्री