दिल्ली

delhi

ETV Bharat / sports

डीपीएल फ़ाइनल: अरुण जेटली स्टेडियम के टिकट काउंटर पर लगी लाइन, देखें युवाओं में मैच लेकर उत्साह

खिताब जीतने के लिए सेंट्रल दिल्ली किंग्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स आमने-सामने.

डीपीएल फ़ाइनल
डीपीएल फ़ाइनल (डीपीएल, मीडिया सेल)

By ETV Bharat Delhi Team

Published : August 30, 2026 at 7:03 PM IST

नई दिल्ली: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज क्रिकेट का महाकुंभ सज चुका है. दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) सीजन-3 के इस ऐतिहासिक रविवार को पुरुष वर्ग के फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बीच खिताबी जंग होने जा रही है. इस महामुकाबले को लेकर दिल्ली के युवाओं में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. दोपहर 4 बजे से ही स्टेडियम के टिकट काउंटरों पर फैंस की लंबी-लंबी कतारें लग चुकी हैं. हर कोई इस रोमांचक फाइनल का गवाह बनने के लिए बेताब है.

अरुण जेटली स्टेडियम में फाइनल का रोमांच देखने के लिए दिल्ली के कोने-कोने से दर्शक पहुंच रहे हैं. सीलमपुर से आए क्रिकेट प्रेमी रिजवान खान ने बताया कि मैच भले ही रात आठ बजे से हो, लेकिन वह दोपहर चार बजे से ही लाइन में लगे हैं क्योंकि इस समय 'डीपीएल फैन आर्मी' की ओर से मुफ्त टिकट दिए जा रहे हैं. फैंस को डर है कि देर से आने पर टिकट खत्म हो जाएंगे और फिर भारी भीड़ के चलते पैसे देकर भी मैच देखना नसीब नहीं हो पाएगा. इसी वजह से काउंटरों पर युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा है.

डीपीएल फ़ाइनल: युवाओं में मैच लेकर उत्साह (ETV Bharat)

इस खिताबी भिड़ंत को लेकर फैंस के बीच टिकट पाने की होड़ मची हुई है और इसके लिए युवा अलग-अलग जुगाड़ और सोशल मीडिया ऑफर्स का सहारा ले रहे हैं. इसी कड़ी में उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम से आए समद और नोएडा से पहुंचे अंकित ने टिकट काउंटर के पास से कुछ बेहद दिलचस्प और मजेदार जानकारियां साझा कीं, जो दिखाती हैं कि दिल्ली प्रीमियर लीग को लेकर युवाओं का जुनून किस स्तर पर है.

समद ने बताया कि इंस्टग्राम पर डीपीएल फैन आर्मी के पेज को फॉलो करने पर यहाँ अभी फ्री टिकट दिए जा रहे हैं. मुझे दो टिकट मिल गए हैं. इन टिकट से गेट नंबर 10 और 14 से एंट्री होगी. इसके साथ ही नोएडा से मैच देखने आए अंकित ने बताया कि मैं नोएडा से मैच देखने अपने दोस्तों के साथ आया हूं. मेरे दोस्त की एक फ्रेंड यहां एंकर हैं तो उन्होंने काउंटर पर फ्री पास हमारे लिए भिजवाए हैं. मेरा दोस्त अभी पास लेने के लिए गया है. हमको रात 8 बजे से फाइनल मैच शुरू होगा यह नहीं पता था. हम समझ रहे थे कि शाम को तीन बजे से मैच होगा. अब जब आ ही गए हैं तो अभी से एंट्री करके मैच का इंतजार करेंगे.

बता दें कि दोनों टीमें पहले ही क्वालिफ़ायर 1 में एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं, जिसमें साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने जीत हासिल की थी. हालांकि, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने क्वालिफ़ायर 2 में ज़बरदस्त वापसी करके अपनी मज़बूती दिखाई और डीपीएल 2026 का ख़िताब जीतने के लिए दोनों टीमों के बीच एक और मुक़ाबला तय कर दिया.

ये भी पढ़ें:

  1. DPL 2026: पुरानी दिल्ली 6 टीम की नजर फाइनल जीतने पर, आकाश नांगिया ने बताई कैसे हुई टीम की शुरूआत
  2. विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026: नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने रोमांचक मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 10 रन से हराया