पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO
3 नए सदस्यों की भी हुई नियुक्ति
By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 5:35 PM IST
|Updated : September 3, 2026 at 9:13 AM IST
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का नया CEO नियुक्त किया है. ट्रस्ट की उच्च स्तरीय बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई.
भगवान का आशीर्वाद: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड) ने कहा, पहले तो मैं चयन समिति का बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं और मैं अपने आपको सौभाग्य मानता हूं कि इतने लोगों में से मुझे चुना. इसे मैं श्री राम का आर्शीवाद मानूंगा कि 43 वर्ष राष्ट्र सेवा के बाद, भारतीय वायु सेना के बाद मुझे श्री राम ने एक और अवसर दिया है जहां पर मैं श्री राम मंदिर और भक्तों की सेवा कर सकूंगा.
नए CEO और 3 नए सदस्य: इस अहम प्रशासनिक बदलाव के साथ ही, राम मंदिर ट्रस्ट में लंबे समय से खाली चल रहे तीन महत्वपूर्ण पदों को भी भर दिया गया है.
ट्रस्ट में कौन-कौन: ट्रस्ट में अब दिल्ली के प्रसिद्ध समाजसेवी महेश भागचंदका, शिकोहाबाद की निर्मला यादव और अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय को नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने कहा, दिल्ली स्थित महेश भागचंदका, अयोध्या स्थित मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद स्थित डॉ निर्मला यादव श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के नए ट्रस्टी होंगे.
CEO के गांव में जश्न: एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (सेवानिवृत्त) के पैतृक गांव भोपतपुरा (देवरिया) में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति पर गांव के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की.
सेवा का का मौका मिला: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए सदस्य मदन मोहन पांडे ने कहा, मुझे ट्रस्ट का सदस्य नियुक्त किया गया है. मुझे दोपहर करीब 2 बजे यह खबर मिली. एक बैठक हुई थी.मुझे सेवा करने का मौका मिला है.हम देखेंगे कि देख-रेख को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है. मदन मोहन पांडेय पेशे से अधिवक्ता हैं करीब 51 वर्ष से वकालत कर रहे हैं. पूर्व में वह हाईकोर्ट में अपर महाअधिवक्ता भी रह चुके हैं. उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मामले में रामलला सरकार की ओर से लंबे समय तक कानूनी लड़ाई भी लड़ी. उपलब्ध अदालती रिकॉर्ड और रिपोर्ट में उन्हें रामलला की ओर से पैरवी करने वाले वकील के तौर पर दर्ज भी किया गया है.
अंतरिम महासचिव ने अपना पद छोड़ा:श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने अपना पद छोड़ दिया है. कृष्ण मोहन ने कहा,अभी तक 6 जुलाई से मैं अंतरिम महासचिव के रूप में काम कर रहा था अब इस पद के लिए महाराज गोविंददेव गिरि नए महासचिव हैं और महेश भागचंदका नए कोषाध्यक्ष होंगे.
कैसे हुआ चयन: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने कहा, 5538 लोगों का आवेदन आए थे उसमें स्क्रीनिंग करते-करते यहां तक पहुंचे हैं. उसके बाद सभी को सुनने के बाद एक को सर्वसम्मति चुना गया. सभी ने कहा कि वही हमारे CEO होंगे.
यह भी पढ़ें:अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर संतों का हंगामा; पुलिस ने रोकी बैठक, CBI जांच की मांग