मध्य प्रदेश

madhya pradesh

ETV Bharat / state

2025 में खंडित बारिश, किसे लगेगा सोने का पर, रतलाम गोठड़ा माता भविष्यवाणी

गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी को सुनने गुजरात और राजस्थान से भी पहुंचे लोग. बताया बारिश के योग के साथ किसानों को होगा कितना फायदा.

RATLAM GOTHADA MATAJI PREDICTION
रतलाम में गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी (ETV Bharat)

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 8, 2025 at 1:19 PM IST

Updated : April 8, 2025 at 1:32 PM IST

रतलाम: गोठड़ा गांव में मलेनी नदी के तट पर मां महिषासुर मर्दिनी की भविष्यवाणी का आयोजन हुआ है. हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पंडाजी के मुख से गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी की घोषणा की गई. इस भविष्यवाणी में खासतौर पर कृषि और मौसम के अलावा राजनीतिक उठापटक की भविष्यवाणी भी की गई है.

'इस साल होगी खंडित बारिश'

गोठड़ा माता की भविष्यवाणी में बताया गया कि इस वर्ष खंडित वर्षा होगी. जिसकी वजह से किसानों को बोनी में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. कहीं अच्छी बारिश होगी तो कहीं कम वर्षा के भी योग है.बारिश के अंतिम दौर में खूब बारिश होने की भविष्यवाणी भी की गई है. सोयाबीन के भाव मीडियम रहने के साथ प्याज, लहसुन सहित सभी कृषि उत्पादों के दाम ठीक ठाक मिलने की बात इस भविष्यवाणी में की गई है. सोने और चांदी के भाव में तेजी मंदी बनी रहने की भविष्यवाणी भी की गई.

बारिश के योग के साथ किसानों को लेकर भविष्यवाणी की है पुरानी परंपरा (ETV Bharat)

नवमी के हवन के बाद भविष्यवाणी की है पुरानी परंपरा

उज्जैन और रतलाम जिले की सीमा पर स्थित गोठड़ा गांव में हर साल मलेनी नदी के तट पर मां महिषासुर मर्दिनी की भविष्यवाणी का आयोजन किया जाता है. मान्यता है कि नवमी के हवन के पश्चात माता का इष्ट जिस भी पंडा जी को प्राप्त होता है उनके मुख से माता स्वयं भविष्यवाणी करती हैं. इस भविष्यवाणी में कृषि, मौसम, मुहूर्त और फसलों के भाव को लेकर सटीक भविष्यवाणी की जाती है. वर्षों से मालवा क्षेत्र के लोगों की इस भविष्यवाणी में गहरी श्रद्धा हैं. यही वजह है कि गुजरात और राजस्थान से भी गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी सुनने के लिए श्रद्धालु और किसान यहां पहुंचते हैं.

किसान ही नहीं नेता भी पहुंचे भविष्यवाणी सुनने

वर्षों से चली आ रही इस खास भविष्यवाणी को सुनने लोग भीषण गर्मी के बीच मलेनी के तट पर जुटते हैं. यहां किसान और ग्रामीणों के अलावा राजनेता भी पहुंचते हैं. खाचरोद विधानसभा के पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत और दिलीप गुर्जर के अलावा वर्तमान विधायक तेजबहादुर सिंह चौहान भी पहुंचे. गोठड़ा वाली माताजी ने भविष्यवाणी की है कि इस वर्ष राजनीतिक उथल पुथल बहुत होगी लेकिन राजा तो वही रहेगा.

Last Updated : April 8, 2025 at 1:32 PM IST