रणजी ट्रॉफी 2025-26: यूपी का पहला मुकाबला आंध्र से, जानिए टीम के मैच का पूरा शेड्यूल
UP Ranji Match: रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन की शुरुआत 15 अक्टूबर से होने जा रही है. जिसमें यूपी को कुल सात मुकाबले खेलने हैं.
Published : July 16, 2025 at 3:28 PM IST
लखनऊ: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर में रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन की शुरुआत 15 अक्टूबर से होने जा रही है. उत्तर प्रदेश (यूपी) की टीम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एलीट ग्रुप-ए में शामिल है और अपना पहला मुकाबला आंध्र के खिलाफ खेलेगी.
यूपी को इस सीजन में कुल सात मुकाबले खेलने हैं, जो दो चरणों में आयोजित होंगे. बीसीसीआई ने 32 टीमों को चार एलीट ग्रुप्स (ए, बी, सी, डी) में बांटा है, जिसमें प्रत्येक ग्रुप में आठ टीमें हैं. यूपी को पिछले सीजन के प्रदर्शन के आधार पर एलीट ग्रुप-ए में छठे स्थान (रैंक-24) पर रखा गया है.
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में यूपी के मैच का शेड्यूल (Ranji Trophy 2025-26)
यूपी की रणजी यात्रा 15 से 18 अक्टूबर तक आंध्र के खिलाफ मैच से शुरू होगी. इसके बाद, 23 से 26 अक्टूबर को ओडिशा, 1 से 4 नवंबर को बड़ौदा, 8 से 11 नवंबर को नागालैंड, और 16 से 19 नवंबर को तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले होंगे.
दूसरा चरण 22 जनवरी 2026 से शुरू होगा, जिसमें यूपी 22 से 25 जनवरी तक झारखंड और 29 जनवरी से 1 फरवरी तक विदर्भ से भिड़ेगी. इन सात लीग मैचों के आधार पर शीर्ष दो टीमें नॉकआउट दौर में पहुंचेंगी.
इस सीजन में रणजी ट्रॉफी दो चरणों में खेली जाएगी
पहला चरण 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक और दूसरा चरण 22 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक होगा. प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें 6 से 10 फरवरी तक क्वार्टर फाइनल खेलेंगी. सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबला 24 से 28 फरवरी 2026 तक होगा. बीसीसीआई ने इस बार फॉर्मेट में बदलाव करते हुए एलीट और प्लेट ग्रुप से केवल एक-एक टीम को प्रमोट और रेलीगेट करने का फैसला लिया है, ताकि प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता बढ़े.
यूपीसीए के निदेशक डीएस चौहान बताते हैं कि इस बार के लिए तैयारी जोरदार है. 2006 से हम विजेता नहीं बने सके हैं. इस बार हमारी तैयारी विजेता बनने की रहेगी. इसी को लेकर पूरी रणनीति तैयार की जा रही है.
एलीट ग्रुप-ए की टीमें
एलीट ग्रुप-ए में यूपी के साथ विदर्भ (विजेता), तमिलनाडु (क्वार्टर फाइनल रैंक-4), बड़ौदा (रैंक-9), झारखंड (रैंक-16), ओडिशा (रैंक-17), नागालैंड (प्लेट रैंक-2), और सिटी स्पोर्ट्स आघ (रांक-25) शामिल हैं. नागालैंड को प्लेट ग्रुप से प्रमोट किया गया है, जो यूपी के लिए एक रोमांचक चुनौती पेश करेगा.
यूपी रणजी टीम के लिए चुनौतियां और उम्मीदें
वरिष्ठ खेल पत्रकार अनंत मिश्रा ने बताया कि यूपी की टीम इस बार मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है. पिछले सीजन की रैंकिंग को बेहतर करने और नॉकआउट दौर में जगह बनाने के लिए टीम को अपने बल्लेबाजी और गेंदबाजी संयोजन पर ध्यान देना होगा. लखनऊ में यूपी के होम मैचों के आयोजन को लेकर बीसीसीआई का अंतिम फैसला अभी बाकी है. प्रशंसकों को उम्मीद है कि यूपी की टीम इस बार शानदार प्रदर्शन कर रणजी ट्रॉफी में अपनी छाप छोड़ेगी.
रणजी का महत्व
रणजी ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट की रीढ़ मानी जाती है, जो खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का अवसर देती है. बीसीसीआई इस टूर्नामेंट को प्राथमिकता देती है, और पिछले सीजन में इशान किशन और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों को इसकी अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ा था. यूपी के खिलाड़ियों के लिए यह सीजन अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका है.