राजस्थान

rajasthan

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश हुई रवाना, धौलपुर में 3 किलोमीटर तक किया रोड शो

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : Mar 2, 2024, 4:45 PM IST

Bharat Jodo Nyaya Yatra 7 दिन के विराम के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार से राजस्थान के धौलपुर से शुरू हुई. करीब 3 किलोमीटर के रोड शो के बाद यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर गई.

Bharat Jodo Nyaya Yatra in Dholpur,  Rahul gandhi Road show in dholpur
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश हुई रवाना

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश हुई रवाना

धौलपुर.राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार दोपहर को 7 दिन के विराम के बाद फिर से शुरू हो गई. दोपहर को राहुल गांधी दिल्ली से हेलीकॉप्टर से सीधे धौलपुर पहुंचे. इसके बाद राजाखेड़ा बाईपास से खुली गाड़ी से रोड शो की शुरुआत हुई. करीब 3 किलोमीटर तक राहुल गांधी ने धौलपुर में रोड शो किया. इसके बाद यात्रा मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश कर गई.

सचिन पायलट नहीं हुए रोड शो में शामिल :कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने शनिवार को धौलपुर पहुंच गए थे, सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता भी की थी, लेकिन दोपहर के बाद जैसे ही राहुल गांधी का रोड शो शुरू हुआ, तो सचिन पायलट उनके साथ दिखाई नहीं दिए. राहुल गांधी के साथ रोड शो में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, सुखविंदर सिंह रंधावा समेत राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा एवं बसेड़ी विधायक संजय जाटव मौजूद रहे. सूत्रों से जानकारी मिली कि सचिन पायलट मुरैना रवाना हो गए. मुरैना में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रोड शो किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-यूपी में राहुल की यात्रा को मिले रिस्पॉंस से कांग्रेस प्रफुल्लित, बोली- मिलेगा बड़ा फायदा

राहुल गांधी को देखने उमड़ी लोगों की भीड़ :धौलपुर शहर के राजाखेड़ा बाईपास से सागर पाड़ा चेक पोस्ट तक राहुल गांधी का रोड शो हुआ. राहुल गांधी को देखने के लिए भारी तादाद में शहरवासी एवं आसपास के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी. आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम के हालात बन गए, हालांकि रोड शो का आयोजन सर्विस रोड पर किया गया था. राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए महिला, पुरुष एवं बच्चे छतों पर भी चढ़ गए. इसके अलावा हाईवे पर भी लोगों की भारी भीड़ देखी गई. भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए. करीब डेढ़ घंटे तक धौलपुर में रोड शो का आयोजन किया गया. इसके बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गई.

ABOUT THE AUTHOR

...view details