BJP विधायक ने की वेदनी बुग्याल और बधाणगढ़ी को रोपवे से जोड़ने की मांग, सरकार को लिखा पत्र
थराली के भाजपा विधायक भूपाल राम टम्टा ने वेदनी बुग्याल व बधानगढ़ी को रोपवे से जोड़ने की मांग की. उन्होंने सरकार को इस संबंध में पत्र भी भेजा है.
थरालीः चमोली के थराली से भाजपा विधायक भूपाल राम टम्टा (Bhupal Ram Tamta) ने रणकधार से वेदनी बुग्याल (Vedni Bugyal) और बधाणगढ़ी (Badhangarhi) तक रोपवे जोड़ने की सरकार से मांग की है. विधायक टम्टा ने थराली विकासखंड के ताल से ऐतिहासिक बधाणगढ़ी मंदिर के लिए भी रोपवे की मांग की है. विधायक ने अपनी इस मांग को लेकर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को पत्र (Letter to Tourism Minister Satpal Maharaj) भी लिखा है.
विधायक भूपाल राम टम्टा का कहना है कि वेदनी बुग्याल धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है. ऐतिहासिक राजजात यात्रा का एक प्रमुख पड़ाव है और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थराली विधानसभा के रणकधार से वेदनी और ताल से बधाणगढ़ी तक के लिए रोपवे की मांग पूरी करती है तो इन धार्मिक स्थलों को संरक्षण मिलने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा.
साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा. बता दें कि लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन द्वारा भी थराली विधानसभा के वेदनी और आली बुग्याल के साथ ही बधाणगढ़ी मंदिर को रोपवे से जोड़ने की मांग की जा रही है.


