अल्मोड़ा में रिटायर सैनिक तैयार कर रहा 'जांबाज', ऐसे हो रही ट्रेनिंग
अल्मोड़ा जिले के सुदूर इलाके स्याल्दे ब्लॉक के गैरखेत में पूर्व सैनिक रुद्र सिंह रावत भारतीय सेना के लिए जांबाजों की फौज तैयार कर रहे हैं.
अल्मोड़ा: उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है. प्रदेश के समृद्ध सैन्य इतिहास के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड को सैन्य धाम मानते हैं. प्रथम विश्वयुद्ध से लेकर अब तक देश की सीमाओं के सजग प्रहरियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भी अपने सैन्य धर्म को निभाया है. सैन्य परम्परा को आगे बढ़ा रहे उत्तराखंड के युवा भारतीय सेनाओं में सेवाएं दे रहे हैं.
इसी क्रम में अल्मोड़ा जिला मुख्यालय से करीब 125 किलोमीटर दूर स्याल्दे ब्लॉक के गैरखेत में पूर्व सैनिक यशपाल रावत आर्मी की नौकरी से वीआरएस लेकर युवाओं को सेना में अफसर बनाने के लिए 'द वॉरियर्स डैन' नाम से एक कोचिंग इंस्टीट्यूट संचालित कर रहे हैं. उनके इस कोचिंग इंस्टीट्यूट में एनडीए की परीक्षा पास करने वाले युवाओं को एसएसबी के इंटरव्यू के साथ ही शारीरिक फिटनेस का 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जंगल में बनाए गए इस इंस्टीट्यूट को पूरी आर्मी छावनी की तरह विकसित किया गया है और सेना के अनुशासन का कड़ाई से पालन किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: एक से बढ़कर एक अफसर दिए भारतीय सैन्य अकादमी ने, गौरवमयी रहा है इतिहास
रुद्र सिंह रावत का कहना है कि सेना में सिपाही रहते वे अधिकारी तो बन नहीं पाए. ऐसे में उन्होंने अपने अनुभव एवं पढ़ाई को मेधावी छात्रों तक पहुंचाने की ठानी. उसके बाद सेना की नौकरी से वीआरएस लेकर वह अपने गांव पहुंचे और युवाओं को एसएसबी की तैयारी कराने लगे. रुद्र रावत का कहना है कि उनको यह इंस्टीट्यूट खोले 8 से 9 महीने हो चुके हैं. अभी तक इस इंस्टीट्यूट से विभिन्न राज्यों के 13 छात्र एसएसबी में सिलेक्ट हो चुके हैं. उनके द्वारा एसएसबी को लेकर 2 किताबें लिखी गई हैं, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं.
ये भी पढ़ें: गर्व का क्षण: उत्तराखंड की बेटी संयुक्त राष्ट्र सैन्य जेंडर एडवोकेट ऑफ द इयर अवॉर्ड से सम्मानित
रुद्र सिंह रावत का दावा है कि बीते चार सालों में 200 से अधिक छात्र सफल होकर भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं. वर्तमान में उनके इस इंस्टीट्यूट में एक दर्जन छात्र हैं, जो हिमाचल, जम्मू, हरियाणा, यूपी समेत अन्य राज्यों से आए हैं. इस इंस्टीट्यूट में एसएसबी इंटरव्यू का 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाता है. जहां छात्रों के रहने एवं भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है. यहां पढ़ाई अलग अलग चरणों में होती है, जो सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक चलता है. इस दौरान खेल, योग, व्यायाम आदि भी होता है.

