ETV Bharat / state

सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, चुनाव में गड़बड़ी का लगाया आरोप

प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. आरोप लगाते हुए कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए. थोड़ी देर बाद जब कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू किया तो पुलिस ने उनके ऊपर लाठीचार्ज कर दिया. इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए.

प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज
प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

Published : July 3, 2021 at 7:44 PM IST

Choose ETV Bharat

प्रयागराज: जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज किया गया है. सपा कार्यकर्ता जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धरना दे रहे थे. थोड़ी देर बाद जब कार्यकर्ता हंगामा करने लगे तो पुलिस ने पहले उनको समझाया. समझाने के बावजूद भी जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने इनके ऊपर लाठीचार्ज कर दिया.

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन पर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया था. इसको लेकर कार्यकर्ताओं ने पहले तो सरकार विरोधी नारे लगाए, फिर बैरीकेडिंग तोड़ने की कोशिश की. साथ ही चुनाव बहिष्कार करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. हंगामा इतना बढ़ा कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. कार्यकर्ताओं का पुलिस पर आरोप है कि हम लोग शांतिपूर्वक धरने पर बैठे हुए थे. बावजूद इसके पुलिस ने उनको दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है. यह लोकतंत्र की हत्या है.

प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

बीजेपी ने मारी बाजी

आपको बता दें कि 84 सीटों वाले जिला पंचायत सदन में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान हुआ. इस दौरान जिला पंचायत के सभी सदस्यों ने मतदान किया. मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई. मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया और बीजेपी के डॉ. वीके सिंह को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया.

75 में से 65 सीटों पर बीजेपी का कब्जा

जाहिर है कि विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे पंचायत चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है. जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में बीजेपी ने 75 में से 65 सीटों पर कब्जा कर लिया है. वहीं, समाजवादी पार्टी के हिस्से में सिर्फ 6 सीटें आईं हैं. बुंलेदखंड की सभी सीटों पर बीजेपी ने क्लीन स्वीप कर दिया है.

इसे भी पढ़ें: कोर्ट ने प्रेमिका को बदनाम और धमकाने वाले प्रेमी की जमानत की खारिज