करणपुर विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर CM गहलोत, जोशी और डोटासरा ने जताया शोक

करणपुर विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर CM गहलोत, जोशी और डोटासरा ने जताया शोक
श्रीगंगानगर की करणपुर विधानसभा सीट से विधायक और इस बार चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर कांग्रेस के नेताओं ने शोक जताया है. विधानसभा स्पीकर डॉ. सीपी जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के तमाम नेताओं ने गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन को पार्टी के लिए गहरी क्षति बताया है.
जयपुर. राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच श्रीगंगानगर जिले की करणपुर विधानसभा सीट से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया है. उन्होंने मंगलवार को आखिरी सांस ली. उनके निधन पर विधानसभा स्पीकर डॉ. सीपी जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दुख जताया और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की.
-
करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। श्री कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय…
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 15, 2023
उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति : विधानसभा स्पीकर डॉ. सीपी जोशी ने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि 'श्रीकरणपुर से कांग्रेस विधायक और प्रत्याशी, पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर को सादर श्रद्धांजलि. उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे.'
-
करणपुर से विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी श्री गुरमीत सिंह जी कुन्नर के निधन का दु:खद समाचार मिला है।
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) November 15, 2023
दुःखद घड़ी में परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को संबल प्रदान करे। pic.twitter.com/3eDBYRODLz
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में एक कार्यक्रम में कहा कि चुनावी अभियान के बीच गुरमीत सिंह कुन्नर की तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली. उनका जाना उनके परिजनों के साथ ही कांग्रेस परिवार के लिए भी क्षति है, जिसे पूरा किया जाना संभव नहीं है. उन्होंने भी सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर शोक जताया है.
-
श्रीकरणपुर से कांग्रेस विधायक और प्रत्याशी, पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर जी को सादर श्रद्धांजलि।
— Dr. C.P. Joshi (@drcpjoshi) November 15, 2023
गुरमीत सिंह जी का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को ये आघात सहने की शक्ति दे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि गुरमीत सिंह का निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है. इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गुरमीत सिंह के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने लिखा कि 'करणपुर से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन का दुखद समाचार मिला है. दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को संबल प्रदान करे.'
