'विवेक' का सपना हुआ पूरा: 1 करोड़ की इनामी राशि मिलने के बाद बोले, सबसे पहले माता-पिता के लिए पक्का मकान बनवाएंगे

author img

By

Published : Aug 12, 2021, 4:05 PM IST

VIVEK SAGAR

मुख्यमंत्री शिवराज की तरफ से एक करोड़ की इनामी राशि मिलने के बाद ओलंपिक के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर भावुक नजर आए. इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले अपने माता-पिता के लिए पक्का मकान बनवाएंगे.

होशंगाबाद। हिम्मत और जज्बे से हर कोई अपने सपनों को पूरा कर सकता है. होशंगाबाद के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर इसका सटीक उदाहरण हैं. कुछ साल पहले उन्होंने अपने परिवार को पक्के मकान में रखने का सपना देखा था. अब वह सपना पूरा होने वाला है. टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन और 41 साल बाद देश के लिए पदक लाने पर मुख्यमंत्री शिवराज ने विवेक सागर का सम्मान किया. इस दौरान उन्हें सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी गई. चैक मिलने के बाद जब विवेक से पूछा गया कि वह इसका क्या करेंगे, तो उन्होंने बताया कि सबसे पहले वह अपने माता-पिता के लिए पक्की मकान बनवाएंगे.

VIVEK SAGAR
विवेक सागर का घर

टीन की छत के नीचे रहते है परिवार

विवेक सागर का परिवार इटारसी के चांदौन गांव की तंग गलियों में टीन की छत के नीचे रहता है. अब विवेक इसी गांव में अपने परिवार के लिए एक अच्छा घर बनाना चाहते हैं. वैसे विवेक हॉकी के कई टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुके हैं, कई बार उन्हें अवॉर्ड और इनाम मिले हैं, लेकिन पहली बार उन्हें इनाम के तौर पर इतनी बड़ी राशि मिली है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तरफ सम्मान और इनाम की राशि मिलने पर विवेक सागर भावुक भी नजर आए.

मध्य प्रदेश की हॉकी अकादमी विश्व की सबसे अच्छी हॉकी अकादमी है. मैं 2003 में छोटे से गांव से यहां आया था. जिंदगी में हर कोई आगे जा सकता है, इसके लिए मेहनत के अलावा अनुशासन भी जरूरी है.

-विवेक सागर, ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी

सीएम ने विवेक सागर को दी एक करोड़ की राशि, DSP भी बनाया, कहा- बच्चों को रोको मत, पता नहीं किसमें छिपा हो विवेक

विवेक के नाम कई अवॉर्ड्स

विवेक सागर इंडियन जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी कर चुके हैं. 2019 में 'हॉकी स्टार्स अवार्ड्स' में विवेक को 'राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर' के खिताब से भी नवाजा जा चुका है. हौसले और अपने लक्ष्य को पाने की ललक ने उन्हें भारतीय हॉकी की राष्ट्रीय टीम में जगह दिलाने में मदद की. विवेक हॉकी की ओलंपिक टीम में चुने जाने से पहले कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं.

विवेक सागर की उपलब्धियां

साल 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चैम्पियन्स ट्रॉफी, यूथ ओलम्पिक, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स और साल 2019 में अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट और आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं. विवेक सागर को 'यूथ-ओलम्पिक' में 'बेस्ट-स्कोरर' और 'फाइनल सीरीज भुवनेश्वर' में 'बेस्ट जूनियर प्लेयर अवॉर्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है. एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक अब तक 62 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.