Fog in Ranchi: दीपावली की अगली सुबह मौसम का बदला नजारा, रांची ने ओढ़ी कोहरे की चादर
रांची: दीपावली की अगली सुबह राजधानी रांची के मौसम का नजारा बदला बदला नजर आया. रांची की सुबह की शुरुआत सूरज की मद्धिम किरणों से होती थी, जो नहीं दिखी. उसकी जगह चारों तरफ कोहरा नजर आया. सुबह करीब 5:30 बजे कोहरा इतना घना था कि 20 फीट की दूरी पर दिखना मुश्किल हो रहा था. खास बात है कि सुबह 8:00 बजे तक वही स्थिति बनी रही. ऊंचाई से देखने पर ऐसा लग रहा था जैसे पूरी राजधानी ने कोहरे की चादर ओढ़ ली है. सुबह 8:00 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ और सूरज की किरणें दिखने लगी. मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि आज उत्तरी झारखंड के कई इलाकों में बादल छाया रहेगा और इस दौरान घना कोहरा भी दिखेगा. साथ ही मध्य झारखंड के कई इलाकों में भी मौसम बदला बदला नजर आएगा. हालांकि मौसम केंद्र ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि ऐसी स्थिति कब तक बनी रहेगी. Cold in Jharkhand.
खास बात है कि दीपावली की अगली सुबह कोहरे की चादर देखकर आम लोगों में चर्चा आम थी कि यह पटाखों का नतीजा है. दरअसल, प्रदूषण को लेकर तमाम चेतावनी के बावजूद लोगों ने इसका ख्याल नहीं रखा. राजधानी में रात के 12:00 बजे के बाद तक पटाखे फूटते रहे. बच्चों के मन में यह बिठा दिया गया था कि ग्रीन पटाखों से प्रदूषण नहीं होता लेकिन सच यह है कि किसी भी तरह का पटाखा फोड़े जाने के बाद धुएं का अंबार उठता दिख रहा था.