Adani Hindenburg Controversy: अडाणी-हिंडनबर्ग प्रकरण पर कांग्रेस का आंदोलन जारी, 13 मार्च को राजभवन का घेराव, जिलाध्यक्षों को मिले खास निर्देश
Published: Mar 11, 2023, 6:43 AM


Adani Hindenburg Controversy: अडाणी-हिंडनबर्ग प्रकरण पर कांग्रेस का आंदोलन जारी, 13 मार्च को राजभवन का घेराव, जिलाध्यक्षों को मिले खास निर्देश
Published: Mar 11, 2023, 6:43 AM
अडाणी-हिंडनबर्ग प्रकरण को लेकर झारखंड कांग्रेस 13 मार्च को राजभवन घेराव करेगी. इसे लेकर पार्टी स्तर से जोरदार तैयारी चल रही है. झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्षों को इस बाबत कई निर्देश दिए हैं.
रांची: हिंडनबर्ग-अडाणी प्रकरण और प्रधानमंत्री के उद्योगपति गौतम अडाणी के संबंधों को सार्वजनिक करने और पूरे मामले की जेपीसी जांच की मांग को लेकर झारखंड कांग्रेस 13 मार्च को राजभवन का घेराव करेगी. राजभवन घेराव को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की. रांची में राजभवन के समक्ष होने वाले प्रदर्शन को दमदार और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया कि बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 13 मार्च के कार्यक्रम में शामिल हों.
हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को हर घर तक ले जाएं कांग्रेसी: वर्चुअल बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लगातार चलाएं और हर घर तक राहुल गांधी के संदेश वाला पम्पलेट्स जरूर पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाना है.
अडाणी-हिंडनबर्ग के मुद्दे पर लगातार आंदोलन करती रही है झारखंड कांग्रेस: झारखंड कांग्रेस, हिंदनबर्ग रिपोर्ट के सार्वजनिक होने के बाद से कांग्रेस लगातार मुखर रही है. पहले रांची में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में एसबीआई और एलआईसी कार्यालय के बाहर कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन किया था. फिर सभी प्रखंड मुख्यालयों पर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. अब 13 मार्च को झारखंड कांग्रेस राजभवन का घेराव करेगी. मोरहाबादी से आक्रोश जुलूस की शक्ल में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राजभवन के लिए निकलेंगे.
सभी बड़े नेता होंगे शामिल: प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि 13 मार्च को राजभवन के समक्ष कांग्रेस का घेराव जोरदार होगा. बापू वाटिका से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार में शामिल कांगेस कोटे के सभी मंत्री, विधायक, सभी जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे.
आज की वर्चुअल मीटिंग में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद गीता कोडा, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता डॉ तौसीफ अहमद सहित सभी जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए. आज की बैठक में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को और तेज करने और राहुल गांधी के संदेश को हर घर पहुंचाने के निर्देश भी प्रदेश अध्यक्ष ने दिये. उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर से हर जिले को राहुल गांधी के संदेश लिखे पम्पलेट्स बड़ी संख्या में भेजे जाएंगे. सभी जिलाध्यक्ष, जिला संगठन स्तर पर भी इसे छपवा कर घर-घर बांट सकते हैं.
