Weather Update Jharkhand: मंगलवार से फिर बदलेगा झारखंड में मौसम का मिजाज, 17 मार्च तक कई जिलों में बारिश की संभावना
Published: Mar 13, 2023, 8:44 PM


Weather Update Jharkhand: मंगलवार से फिर बदलेगा झारखंड में मौसम का मिजाज, 17 मार्च तक कई जिलों में बारिश की संभावना
Published: Mar 13, 2023, 8:44 PM
रांची का मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में 14 से 17 मार्च तक बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है. किन जिलों में होगी बारिश और किन जिलों के लिए जारी हुआ है येलो अलर्ट जानने के पढ़ें पूरी खबर.
रांचीः राजधानी रांची में होली के समय से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहा, लेकिन मंगलवार को एक बार फिर राज्य में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार 14 मार्च को राज्य के 11 जिले गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और लातेहार में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मध्यम दर्जे की गरज के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है.
15 से 17 मार्च तक राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावनाः मौसम केंद्र रांची के ताजा मौसम अपडेट के अनुसार 15 मार्च को राज्य के 12 जिलों गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में आसमान में बादल छाने और गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है. वहीं 16 और 17 मार्च को पूरे राज्य में आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और वज्रपात की ही संभावना व्यक्त की गई है.
15 मार्च को 19 जिलों में वज्रपात का येलो अलर्ट जारीः मौसम केंद्र रांची ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में राज्य के पांच जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ कर बाकी के 19 जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने का येलो अलर्ट जारी किया है. 15 मार्च को गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में आसमान में बादल छाने के साथ-साथ मेघगर्जन के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र इन जिलों के वज्रपात की स्थिति पर तात्कालिक अलर्ट भी 15 मार्च को जारी करेगा. वहीं 16 मार्च से 18 मार्च की सुबह 08.30 बजे तक के लिए राज्य के सभी जिलों में मेघगर्जन के साथ साथ वज्रपात की लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
सोमवार को सबसे गर्म रहा जमशेदपुरः पिछले 24 घंटे में झारखंड में आसमान साफ रहा है. वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर का रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे कम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रिकॉर्ड किया गया है. मौसम केंद्र के अनुसार 14 मार्च को तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा.
