रोहतक: व्यक्ति के गुप्तांग में डंडा डालने का मामला, पुलिस ने आरोपी पत्नी, सास और साली को किया गिरफ्तार
Rohtak Crime News: रोहतक में एक व्यक्ति के गुप्तांग में मिर्च लगाकर डंडा डालने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की आरोपी पत्नी, सास और साली को गिरफ्तार कर लिया है.
रोहतक: जिले के खरैंटी गांव में एक व्यक्ति के गुप्तांग में मिर्च लगाकर डंडा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी, सास और साली को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. गौरतलब है कि रोहतक के खरैंटी गांव के व्यक्ति की शादी 12 साल पहले जींद की प्रियंका के साथ हुई थी. शादी के बाद से उनके 3 बच्चे हैं. 27 मार्च को प्रियंका अपने मायके गई हुई थी और वहां से काफी देरी से लौटी.
पति ने देर से आने का कारण पूछा तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया. इस बीच प्रियंका ने अपने मायके में फोन कर दिया. 28 मार्च को पीड़ित की सास , साली, 2 साले और एक अन्य युवक खरैंटी पहुंच गए. उन सभी ने वहां आते ही गाली गलौच करना शुरू कर दिया. फिर पीड़ित के दोनों सालों ने पीड़ित के हाथ पैर बांध दिए. सास व साली ने भी उसे पकड़ लिया. इसके बाद दोनों सालों ने डंडों से बुरी तरह पिटाई करनी शुरू कर दी. फिर पीड़ित के कपड़े उतार एक साले ने लाल मिर्च लगा डंडा उसके गुप्तांग में डाल दिया.
पीड़ित चिल्लाता रहा, लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की. शोर सुनकर पड़ोसी एकत्रित हो गए. ऐसे में वे सभी वहां से जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. पड़ोसियों ने पीड़ित के हाथ पैर खोले और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिड़ी में भर्ती कराया. बाद में इलाज के लिए पीजीआईएमएस में रेफर किया गया. सूचना मिलने पर भिवानी के तालू से पीड़ित की बहन गांव खरैंटी पहुंची. लाखनमाजरा पुलिस स्टेशन में मामले की सूचना दी गई.
ये भी पढ़ें- सिरसा में एसिड अटैक: बेटी के देवर ने फेंका तेजाब, मां और बेटा बुरी तरह झुलसे
पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था. इस मामले में पीड़ित के परिजनों ने एक दिन पहले भी एसपी उदय सिंह मीना से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. एसपी ने इस मामले की जांच एएसपी हेमेंद्र कुमार मीना को सौंपी. पुलिस ने जांच के बाद पीड़ित की पत्नी, सास और साली को गिरफ्तार कर लिया है. इस वारदात में शामिल बाकी आरोपी फरार चल रहे हैं. एएसपी ने बताया कि पीड़ित ने करीब 2 साल पहले अपने खेत बेच दिए थे. वह शराब पीने का आदी है. खेत बेचने से मिली राशि को शराब का सेवन कर खत्म कर दिया. कुछ दिन पहले पीड़ित ने अपनी भैंसों को भी बेच दिया और अब उसने प्लाट बेचने का सौदा भी किया हुआ था. इसी बात को लेकर पति और पत्नी में अक्सर विवाद रहता था.
हरियाणा की विश्वसनीय खबरों को पढ़ने के लिए गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें Etv Bharat APP

