उपराष्ट्रपति गीता पूजन से करेंगे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का शुभारंभ, शिल्प और सरस मेले का भी आयोजन

उपराष्ट्रपति गीता पूजन से करेंगे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का शुभारंभ, शिल्प और सरस मेले का भी आयोजन
International Geeta Mahotsav 2023 उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कुरुक्षेत्र में गीता पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का शुभारंभ करेंगे. 8 दिवसीय गीता महोत्सव इस बार बहुत ही खास रहने वाला है. महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 17 दिसंबर 2023 से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का आगाज होने जा रहा है. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे. कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (Kurukshetra Development Board) के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का आगाज करेंगे. 17 दिसंबर को उपराष्ट्रपति ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन कर और ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल का आचमन करेंगे. इसके अलावा 17 दिसंबर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गीता सेमिनार का भी उद्घाटन करेंगे.
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023: केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 की तैयारियां केडीबी की तरफ से की जा रही है. इस साल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन ब्रह्मसरोवर पर 7 दिसंबर से लेकर 24 दिसंबर 2023 तक किया जाएगा. हालांकि इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 17 से 24 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे. वहीं, मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए इस साल ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य पंडाल सजाया जाएगा. महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 17 से 24 दिसंबर तक 8 दिन के होंगे. इसके अलावा गीता महोत्सव में 7 से 24 दिसंबर तक शिल्प और सरस मेले का आयोजन होगा.
गीता महोत्सव में शिल्प और सरस मेले का भी आयोजन: केडीबी के मानद सचिव ने कहा कि इस वर्ष गीता जयंती 23 दिसंबर को मनाई जाएगी. इस दिन दीपोत्सव, दीपदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और 18 हजार विद्यार्थियों का वैश्विक गीता पाठ होगा. सीएम मनोहर लाल के आदेशानुसार पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव- 2023 कार्यक्रम 8 दिन के होंगे. हालांकि महोत्सव में शिल्प और सरस मेला 7 से 24 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा. इस वर्ष असम राज्य महोत्सव में पार्टनर राज्य के रूप में अपनी भूमिका अदा करेगा. महोत्सव में हरियाणा पैवेलियन, जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा.
