अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव: मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी राष्ट्रपति, इन परियोजनाओं की देंगी सौगात

author img

By

Published : Nov 28, 2022, 8:32 PM IST

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में मंगलवार से इंटरनेशल गीता जयंती फेस्टिवल के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. मुख्य कार्यक्रमों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में मंगलवार से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत होने वाली है. इंटरनेशल गीता फेस्टिवल में मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत होने के इस विशेष अवसर पर देश की प्रथम नागरिक महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी. महामहिम राष्ट्रपति के कुरुक्षेत्र दोरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी कड़े इंताजम किए गए हैं.

बता दें कि इंटरनेशनल गीता जयंती फेस्टिवल की शुरुआत 19 नवंबर से हो चुकी है. ये महोत्सव कुरुक्षेत्र में 6 दिसंबर तक मनाया जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. साथ ही इस अवसर पर 18 हजार से ज्यादा बच्चे सामूहिक तौर पर श्रीमद् भागवत गीता का पाठ भी करेंगे.

Tight security arrangements for the President's visit
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति का हरियाणा दौरा कितना खास- आपको बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी. 29 और 30 नवंबर को राष्ट्रपति हरियाणा में अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी. ऐसे में राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पहुंचेगी. जहां राष्ट्रपति पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद गीता महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी. इस मोके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राज्य प्रदर्शनी और हरियाणा पैवेलियन तथा शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी.

राष्ट्रपति मूर्मु के मुख्य कार्यक्रम- सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति मुर्मू कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पहुंचेगी. जहां वे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद् गीता पर पुष्प अर्पित कर गीता पूजन करेंगी साथ ही गीता यज्ञ में अपनी पूर्ण आहूति भी डालेंगी. इसके बाद द्रौपदी मुर्मू राज्य प्रदर्शनी और हरियाणा पैवेलियन के साथ साथ शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी. साथ ही राष्ट्रपति इस बार के इंटरनेशनल गीता फेस्टिवल के भागीदार राज्य मध्य प्रदेश के पैवेलियन का भी अवलोकन करेंगी.

इसके बाद द्रौपदी मुर्मू सुबह 11:30 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवद् गीता सदन में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में हिस्सा भी लेंगी और यहीं से हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ और शिलान्यास करेंगी. राष्ट्रपति मुर्मू हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशीला भी रखेंगी. इस दौरान राष्ट्रपति श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ भी करेंगी.

Tight security arrangements for the President's visit
रराष्ट्रपति मुर्मू के दौरे को लेकर कुरुक्षेत्र में सुरक्षा कड़ी

बता दें कि प्रारंभिक चरण में 6 डिपो यानि चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई - टिकटिंग परियोजना को लागू किया जाएगा. इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा. इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का भी शुभारंभ करेंगी. मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चैकअप किया जाएगा. योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है.

राष्ट्रपति सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगी. यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा. इससे सिरसा जिले और आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी. इन परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 2:30 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र के 18वें दीक्षांत समारोह में मुख्य-अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. यहां पास-आऊट विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करेंगी. उसके बाद राष्ट्रपति शाम 4:20 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी.

International Gita Festival
इंटरनेशल गीता जयंती फेस्टिवल

जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. करीब 5 बजे द्रौपदी मुर्मू स्टेट गेस्ट के तौर पर हरियाणा राजभवन में चंडीगढ़ पहुंचेंगी. हरियाणा राजभवन में उनके आगमन के उपलक्ष्य में सांय 6:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा. राष्ट्रपति 21 जनवरी 2015 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पानीपत की ऐतिहासिक धरा से आरम्भ किए गए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने में आशावर्कस और इससे जुड़े अन्य वर्गों के लोगों से बातचीत करेंगी. इसके अलावा राष्ट्रपति महिला पहलवानों और ऑलम्पियन तथा अन्य खिलाडिय़ों से भी बातचीत करेंगी. साथ ही वे कुछ स्कूली छात्राओं से भी अपने अनुभव सांझा करेंगी.

राष्ट्रपति के दौरे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम- अंतराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अलग-अलग जिलों से आये जिला पुलिस के करीब 4 हजार महिला और पुलिस जवानों को VVIP सुरक्षा में तैनात किया गया है. इंटरनेशनल गीता फेस्टिवल और महामहिम के कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी मॉरनिंग और इवनिंग दो शिफ्टों में लगेगी. हरियाणा के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश दिए हैं.

वहीं महामहिम के धर्मनगरी दौरे को लेकर पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करके सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है. पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने सोमवार को राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते समय विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि VVIP के आने के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नही होगी. बता दें कि इससे पहले हरियाणा के महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने निट, यूनिवर्सिटी हेलीपैड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम हॉल, केयूके इंटरनेशनल गेस्ट हाउस, ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सभी तैयारियां पूरी करने के लिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोरे के दौरान कुरुक्षेत्र शहर में किसी भी प्रकार के गलाईडर और ड्रोन उडाने पर पाबंदी रहेगी. इस संबंध में सभी थाना प्रभारी और अंतराष्ट्रीय गीता महोत्सव मे तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इस बारे में साफ तौर पर निर्देश दिये गये हैं. वहीं जिला पुलिस द्वारा सीसीटीवी की मदद से ब्रह्मसरोवर एरिया पर निगरानी की जा रही है. ब्रह्मसरोवर पर लगे 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से गीता महोत्सव के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है. इसके साथ-साथ महोत्सव के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस और कमांडो दस्ते द्वारा ब्रह्मसरोवर एरिया में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

एन्टी सेबोटेज की 5 टीमें लगातार ब्रह्मसरोवर, कुरुक्षेत्र विश्वविधालय एरिया में चैकिंग कर रहीं हैं. कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और ब्रह्मसरोवर पर वीवीआईपी सुरक्षा को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी एरिया में कुछ समय के लिए आमजन के लिए यातायात पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा.

ये भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हरियाणा दौरा कल, सिरसा जिले को देंगी मेडिकल कॉलेज की सौगात

मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के थर्डगेट, इंटरनेशनल गेस्ट हाउस, ओडिटोरियम, स्पोर्ट्स ग्राउंड, एनआईटी एरिया में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को छोडकर आम जनता की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी. इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र में भारी वाहनों की एन्ट्री भी बंद रहेगी. इस बारे में सभी थाना प्रभारी और संबंधित को आदेश जारी किए गए हैं.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.