Chandrayaan-3 Moon Landing: हरियाणा के छात्र देखेंगे चंद्रयान-3 लैंडिंग की LIVE कवरेज, सरकार ने दिया शाम को स्कूल खोलने का आदेश

Chandrayaan-3 Moon Landing: हरियाणा के छात्र देखेंगे चंद्रयान-3 लैंडिंग की LIVE कवरेज, सरकार ने दिया शाम को स्कूल खोलने का आदेश
बुधवार यानी 23 अगस्त को हरियाणा में शाम के समय 1 घंटे के लिए स्कूलों को खोलने के आदेश दिए गए हैं. ताकि छात्र भी चंद्रयान-3 मिशन की लाइव कवरेज देख सकें. इसके लिए स्कूलों में सभी इंतजाम किए गये हैं.
चंडीगढ़: हरियाणा में बुधवार यानी 23 अगस्त की शाम को एक घंटे के लिए स्कूल खोले जाएंगे. ऐसा पहली बार होगा जब शाम के समय स्कूलों को खोलने का आदेश दिया गया है. दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से विद्यार्थियों को चंद्रयान 3 मिशन लाइव कवरेज दिखाने के आदेश दिए गए हैं. जिसके चलते चंद्रयान-3 मिशन का साक्षी पूरा देश बनेगा.
ये भी पढ़ें: Chandrayaan 3 : चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही बड़ी अंतरिक्ष शक्ति के रूप में उभरेगा भारत
आदेशों के तहत 23 अगस्त को शाम 5.15 बजे से 6.15 तक के लिए सरकारी स्कूल खोलने को कहा गया है. बता दें कि 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह लैंड करेगा. चंद्रमा की सतह पर उतरने के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बुधवार शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा.
गौरतलब है कि भारत का चंद्रयान-3 पांच अगस्त 2023 को चन्द्रमा की कक्षा में स्थापित हो गया है. यह मिशन भारत की विज्ञान, तकनीक, खगोल अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक बहुत ऊंची उड़ान है. भारत के तीसरे चंद्रयान मिशन का मुख्य उद्देश्य लैंडर को चांद पर धीरे से उतारना है. ISRO के अनुसार लैंडर 23 अगस्त को सायं 6:04 बजे चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास साफ्ट लैंडिंग की आशा है. इस ऐतिहासिक घटना का सीधा प्रसारण सायं 5:20 से शुरू होगा जो कि शाम 6 बजे तक जारी रहेगा.
भारत अंतरिक्ष की दुनिया में सबसे बड़ा इतिहास रचने वाला है. ISRO का चंद्रयान-3 चांद पर उतरने का इंतजार कर रहा है. इसलिए इस पल का साक्षी बनने के लिए जिन स्कूलों में संभव हो सके शाम को स्कूल खोले जाएंगे. लेकिन जिन स्कूलों को खोलना संभव नहीं है, वो दिनांक 24.08.2023 को सुबह 10:00 बजे भी देख पाएंगे.
