Share Market Closing Update : बैंक शेयरों में लिवाली से स्टॉक मार्केट में रौनक, सेंसेक्स 213 अंक चढ़ा
बुधवार को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ. सेंसेक्स 213.27 चढ़कर 65,433.30 अंक पर बंद हुआ. तो वहीं, निफ्टी 44 अंक बढ़क 19,444 अंक पर क्लोज हुआ. पढ़ें पूरी खबर...
मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 213 अंक बढ़त में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 19,400 के पार पहुंच गया. बैंक शेयरों में लिवाली और यूरोपीय शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी से बाजार लाभ में रहा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 213.27 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,433.30 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 284.68 अंक तक चढ़ गया था.
लाभ और घाटे वाले शेयर
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 47.55 अंक यानी 0.25 प्रतिशत के लाभ के साथ 19,444 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, मारुति, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, नेस्ले, पावर ग्रिड और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे. दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं.

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा-
‘बैंक क्षेत्र में अच्छी मांग से घरेलू मोर्चे पर धारणा सकारात्मक बनी हुई है. हालांकि सूचना प्रौद्योगिकी और दवा कंपनियों के शेयरों ने तेजी पर लगाम लगाया.’
वैश्विक बाजार का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक लाभ में रहे. अमेरिकी बाजार में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा. नायर ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कारोबार सीमित दायरे में रहा. निवेशकों को केंद्रीय बैंक के प्रमुखों के शुक्रवार को जैक्सन होल कार्यक्रम का इंतजार है. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 495.17 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.83 प्रतिशत घटकर 83.33 डॉलर प्रति बैरल रहा.
ये भी पढ़ें- |
(भाषा)

