MWC 2026: Xiaomi Vision Gran Turismo: टेक कंपनी की इलेक्ट्रिक हाइपरकार, जानें खूबियां
Xiaomi ने Vision Gran Turismo इलेक्ट्रिक हाइपरकार पेश की है, जो AI, बेहतरीन एयरोडायनामिक्स और Gran Turismo 7 इंटीग्रेशन से लैस है.


Published : March 3, 2026 at 8:02 PM IST
हैदराबाद: बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 के दौरान शाओमी ने अपनी कॉन्सेप्ट इलेक्ट्रिक हाइपरकार का फुल-स्केल मॉडल पेश किया, जिसका नाम Xiaomi Vision Gran Turismo है. यह कार मशहूर रेसिंग गेम फ्रेंचाइज़ Gran Turismo के Vision Gran Turismo प्रोजेक्ट के लिए बनाई गई है. इसकी खास बात यह है कि पहली बार किसी टेक कंपनी ने इस प्रोजेक्ट में हिस्सा लिया है.
इस सफर की शुरुआत पिछले साल लंदन में हुए GT World Series इवेंट से हुई, जहां Gran Turismo के निर्माता Kazunori Yamauchi ने खुद शाओमी को इस प्रोजेक्ट का न्योता दिया. आमतौर पर Vision Gran Turismo कारें दुनिया की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनियां बनाती हैं, लेकिन शाओमी का शामिल होना इस बात का संकेत है कि टेक और ऑटो इंडस्ट्री की सीमाएं अब तेजी से टूट रही हैं.
Sculpted by the Wind: एयरोडायनामिक्स का नया नजरिया
Xiaomi Vision Gran Turismo का डिजाइन एक खास फिलॉसफी पर बेस्ड है, जिसे कंपनी ने "Sculpted by the Wind" नाम दिया है. इसका मतलब है कि इस कार का लुक और स्ट्रक्चर ऐसा है जैसे "कार को हवा ने तराशा हो". हाइपरकार की दुनिया में अक्सर दो चीजों पर ज़ोर दिया जाता है. पहला - कम ड्रैग ताकि सीधी सड़क पर तेज स्पीड मिले और दूसरा - ज्यादा डाउनफोर्स ताकि मोड़ों पर बेहतर पकड़ रहे. शाओमी का मानना है कि असली कमाल इन दोनों के बीच के संतुलन में ही है. इसी सोच के साथ इस कार को डिजाइन किया गया है.
From Barcelona to the world. The love keeps coming.
— Xiaomi (@Xiaomi) February 28, 2026
A closer look at the beauty of Xiaomi Vision Gran Turismo. pic.twitter.com/33hyFaRt2h
कार का साइड प्रोफाइल पानी की बूंद जैसा है. कॉकपिट का शेप टीयरड्रॉप स्टाइल में है, जिससे हवा आसानी से आगे से पीछे तक बह सके. बॉडी में कई एयर चैनल और कटआउट दिए गए हैं, जो एयरफ्लो को कंट्रोल करते हैं. फ्रंट में क्रॉस-शेप हेडलाइट्स दी गई हैं, जो सिर्फ स्टाइल नहीं बल्कि एयरोडायनामिक्स में भी मदद करती हैं. पीछे की तरफ बड़ा एयर आउटलेट और उसके बीच Halo-शेप टेललाइट दी गई है. इसके आसपास Active Wake Control System लगाया गया है, जो माइक्रो परफोरेशन के जरिए हवा के बहाव को कंट्रोल करता है. यह पारंपरिक स्पॉइलर की तरह बाहर निकले बिना काम करता है.
इनके अलावा इस कार के खास Accretion Rims भी लोगों का ध्यान खींचते हैं. व्हील कलर ऐसा डिजाइन किया गया है कि गाड़ी चलने के दौरान वो काफी स्थिर दिखता है, जिससे ड्रैग कम होता है. इसके अंदर मौजूद टर्बाइन फिन्स ब्रेक को ठंडा रखने में मदद करते हैं. कंपनी के मुताबिक, यह कॉन्सेप्ट 0.29 का ड्रैग कोएफिशिएंट हासिल करता है. इसके साथ ही इस कार को -1.2 डाउनफोर्स और 4.1 की एयरोडायनामिक एफिशिएंसी रेटिंग मिलती है. ये आंकड़े बताते हैं कि यह कार सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि टेक्निकल बैलेंस का एक अच्छा उदाहरण है.
Sofa Racer: हाइपरकार इंटीरियर की नई सोच
आमतौर पर हाइपरकार का इंटीरियर सख्त और रेसिंग-फोकस्ड होता है, लेकिन शाओमी ने इसे 'Sofa Racer' कॉन्सेप्ट के साथ अलग अंदाज दिया है. इसकी सीट, डैशबोर्ड और डोर पैनल एक रिंग शेप से जुड़े हुए हैं, जो ड्राइवर को चारों ओर से घेरते हैं. 3D निटिंग तकनीक से तैयार फैब्रिक सीट्स आरामदायक और सांस लेने योग्य हैं. इसका मतलब आप ट्रैक पर रेस भी कर सकते हैं और लंबी ड्राइव में आराम भी पा सकते हैं.
डैशबोर्ड में Xiaomi Pulse नाम का इंटेलिजेंट असिस्टेंट दिया गया है, जो सेंसर के जरिए ड्राइवर और माहौल को समझता है. इसके साथ Xiaomi HyperVision इंटरफेस काम करता है, जो ड्राइविंग मोड के हिसाब से स्क्रीन पर जरूरी जानकारी दिखाता है. स्टीयर-बाय-वायर टेक्नोलॉजी वाला इनफिनिटि शेप स्टीयरिंग व्हील सभी कंट्रोल्स को हाथ की पहुंच में रखता है.
Human x Car x Home इकोसिस्टम
Xiaomi Vision Gran Turismo सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि कंपनी के Human x Car x Home इकोसिस्टम का हिस्सा है. यह शाओमी के AI असिस्टेंट और MiMo मॉडल से लैस है, जो ड्राइवर के मूड और जरूरत के अनुसार रिस्पॉन्ड कर सकता है. कंपनी ने एक खास ड्राइविंग सिम्युलेटर का भी कॉन्सेप्ट दिखाया है, जो घर में फर्नीचर की तरह फिट हो सकता है और Gran Turismo 7 में इस कार को वर्चुअली एक्सपीरियंस करने का मौका मिल सकता है.
शाओमी अब Vision Gran Turismo प्रोजेक्ट में शामिल होने वाली 36वीं ब्रांड बन गई है और यह 51वां कॉन्सेप्ट मॉडल है. आने वाले समय में यह कार Gran Turismo 7 में आधिकारिक तौर पर जोड़ी जाएगी.

