ETV Bharat / technology

WhatsApp में एंड्रॉयड और iOS दोनों यूज़र्स के लिए आए नए फीचर्स, समझें इनके फायदे

व्हाट्सएप अब ड्राफ्ट मैसेज छोड़ने पर एक मिनट बाद नोटिफिकेशन भेजता है जिससे यूजर भूलकर भी मैसेज भेजना नहीं छोड़ पाता है.

WhatsApp Draft Message Notification Feature
व्हाट्सएप ड्राफ्ट मैसेज का नोटिफिकेशन फीचर लेकर आया है. (Image Credit: Wabetainfo)
author img

By ETV Bharat Tech Team

Published : September 3, 2026 at 2:33 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: व्हाट्सएप ने अपने यूज़र्स के लिए सितंबर महीने के पहले हफ्ते में ही दो नए अपडेट जारी कर दिए हैं. एक एंड्रॉयड डिवाइस पर व्हाट्सएप चलाने वाले यूज़र्स के लिए है तो दूसरा आईओएस डिवाइस पर यूज़ करने वालों के लिए. एंड्रॉयड पर ड्राफ्ट मैसेज की याद दिलाने वाला नोटिफिकेशन फीचर आया है तो वहीं आईओएस डिवाइस पर मैसेज मेन्यू के लिए नया लुक जारी किया गया है.

ये दोनों बदलाव WABetaInfo की रिपोर्ट्स से सामने आए हैं. व्हाट्सएप के नए फीचर्स को ट्रैक करने वाली इस वेबसाइट के मुताबिक, ये दोनों फीचर्स अभी बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध हो गए हैं और जल्द ही आम यूज़र्स के लिए भी रोलआउट कर दिए जाएंगे.

एंड्रॉयड पर ड्राफ्ट मैसेज का नया नोटिफिकेशन

पहले व्हाट्सएप ने चैट लिस्ट में ड्राफ्ट लेबल जोड़ा था. वो Android 2.24.20.24 बीटा में आया था. अब नया अपडेट Android 2.26.35.2 के जरिए आ रहा है. अगर आप कोई मैसेज टाइप करके भेजे बिना चैट छोड़ देते हैं और दूसरे ऐप पर चले जाते हैं तो एक मिनट बाद आपको एक नोटिफिकेशन आएगा. नोटिफिकेशन का टाइटल Your draft होता है और साथ में उस कॉन्टैक्ट का नाम भी होगा, जिसे आप मैसेज भेजने वाले थे.

उस पर टैप करके ही आप सीधा उसी चैट बॉक्स में पहुंच जाएंगे. ये नोटिफिकेशन तभी काम करता है जब आप व्हाट्सएप से बाहर हों. चैट लिस्ट वाला लेबल तभी दिखता है जब ऐप खुला हो. दोनों फीचर अलग-अलग हैं लेकिन मिलकर ड्राफ्ट भूलने की समस्या कम करते हैं. अभी ये सुविधा सिर्फ कुछ बीटा टेस्टर्स को मिल रही है. सभी को कब मिलेगी ये कंपनी ने नहीं बताया.

iOS पर लिक्विड ग्लास वाला मैसेज मेन्यू

आईओएस यूजर्स के लिए व्हाट्सएप मैसेज मेन्यू को नया रूप दे रहा है. इसमें रिएक्शन ट्रे और कॉन्टेक्स्ट मेन्यू दोनों शामिल हैं. इन बदलावों को WhatsApp beta for iOS 26.35.10.16 में देखा गया है. इससे पहले iOS 26.25.10.16 में चैट बार को लिक्विड ग्लास बनाया गया था. अब रिएक्शन ट्रे भी पारदर्शी यानी ट्रांसपेरेंट हो चुकी है. मेन्यू खोलने पर पीछे की चैट साफ दिखाई देती है.

पूरा स्क्रीन धुंधला नहीं पड़ता. लाइट मोड और डार्क मोड दोनों में ये डिजाइन अच्छे से एडजस्ट हो जाता है. रिएक्शन देने का तरीका पहले जैसा ही है. सिर्फ लुक बदला है. ये भी कुछ बीटा टेस्टर्स को TestFlight के जरिए मिल रहा है. आम यूज़र्स यानी सभी को यह फीचर कुछ हफ्तों बाद मिलेगा.

व्हाट्सएप iOS 27 आने से पहले लिक्विड ग्लास को पूरे ऐप में फैलाने की कोशिश कर रहा है. ड्राइंग एडिटर और वीडियो प्लेयर पर भी काम चल रहा है. ये छोटे-छोटे अपडेट यूजर्स का अनुभव बेहतर बना रहे हैं. दोनों फीचर्स अभी बीटा में हैं इसलिए सबको तुरंत नहीं मिलेंगे. लेकिन आने वाले समय में ये आम यूजर्स तक पहुंचेंगे.