भारत में लॉन्च हुआ नया VLF Strada इलेक्ट्रिक स्कूटर, देगा 250Km तक की रेंज, जानें क्या है कीमत
VLF India ने भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर VLF Strada लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 1.20 लाख रुपये रखी गई है.

Published : October 12, 2026 at 10:23 AM IST
हैदराबाद: इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी VLF India ने भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर VLF Strada लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस स्कूटर को 1.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा है. यह स्कूटर दो वेरिएंट्स - City और Max - में बेचा जाएगा. जहां कंपनी ने City की कीमत 1.20 लाख रुपये रखी है, वहीं Max वेरिएंट की कीमत 1.55 लाख रुपये रखी गई है. इस स्कूटर का मुकाबला बाजार में Yamaha EC-06 और Suzuki E-Access जैसे स्कूटर्स से होने वाला है.
VLF Strada का पावरट्रेन
कंपनी ने VLF Strada में एक BLDC हब मोटर का इस्तेमाल किया है, जो 4.8kW की पीक पावर और 34Nm का पीक टॉर्क प्रदान करती है. इस स्कूटर में तीन राइडिंग मोड मिलते हैं, जिनकी स्पीड लिमिट अलग-अलग है. इसमें पहला Eco मोड है, जिसकी स्पीड 45kmph है, दूसरा City मोड है, जिसकी स्पीड 65kmph है और तीसरा Sport मोड है, जिसकी स्पीड 85kmph है.

स्कूटर के City वेरिएंट की बात करें तो इसमें 2.16kWh का बैटरी पैक मिलता है, जिसकी IDC रेंज 130km तक है, वहीं Max वेरिएंट में 4.32kWh का बड़ा बैटरी पैक इस्तेमाल किया गया है, जिसकी IDC रेंज 250km तक है. कंपनी ने इस स्कूटर में स्वैपेबल बैटरी की सुविधा भी दी है.
बताए गए चार्जिंग कॉन्फ़िगरेशन का इस्तेमाल करके स्कूटर को दो घंटे से भी कम समय में चार्ज किया जा सकता है. हालांकि, साथ में दिए गए चार्जर की जानकारी के अनुसार, दोनों बैटरी को चार्ज होने में लगभग छह घंटे का समय लगता है.

VLF Strada का डिजाइन और फीचर्स
इसके डिजाइन की बात करें तो स्कूटर में आगे की तरफ़, VLF Strada में डुअल-बीम प्रोजेक्टर LED हेडलैंप और इंटीग्रेटेड टर्न इंडिकेटर दिए गए हैं. इसके डिज़ाइन की अन्य खूबियों में स्टेप्ड टू-पीस सीट, ऊपर की ओर उठा हुआ टेल सेक्शन और इंटीग्रेटेड लगेज रैक दिया गया है. स्कूटर में आगे के ऊपरी काउल से जुड़ी एक ऊंची, पारदर्शी विंडस्क्रीन भी दी गई है. स्कूटर की सीट हाइट 780mm रखी गयी है.
इसके फ़ीचर्स की बात करें तो स्कूटर में 5-इंच का TFT डिस्प्ले, इल्यूमिनेटेड इग्निशन के साथ की-लेस एंट्री और USB टाइप-A और टाइप-C चार्जिंग पोर्ट शामिल हैं. VLF Strada में आगे 16-इंच और पीछे 14-इंच का व्हील इस्तेमाल किया गया है.

ब्रेकिंग के लिए इसमें कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) के साथ डिस्क ब्रेक सेटअप दिया गया है. इसमें थ्री-पिस्टन कैलिपर के साथ 240mm का फ्रंट डिस्क और टू-पिस्टन कैलिपर के साथ 220mm का रियर डिस्क ब्रेक दिया गया है. VLF Strada चार कलर ऑप्शन में उपलब्ध है, जिनमें कार्बोनियो ब्लैक, अर्बानो सिल्वर, टाइटेनियो ग्रे और लूना व्हाइट कलर शामिल हैं.

