VLF Mobster 135 की कीमत में हुआ इजाफा, जानें पहले से कितनी हुई महंगी
VLF India ने भारत में अपने स्कूटर VLF Mobster 135 के इंट्रोडक्टरी ऑफर को खत्म कर दिया है. इसकी कीमत अब 1.37 लाख रुपये है.

Published : March 1, 2026 at 1:54 PM IST
हैदराबाद: इटैलियन दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Velocifero (VLF) ने भारतीय बाजार में अपने स्कूटर VLF Mobster 135 के इंट्रोडक्टरी ऑफर को खत्म कर दिया है, जिसके बाद अब स्कूटर की कीमतों में इजाफा किया गया है. जानकारी के अनुसार, इस स्कूटर की अब 1.37 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो गई है, जो पहले की इंट्रोडक्टरी कीमत से 7,000 रुपये ज़्यादा है.
सीमित यूनिट्स तक थी इंट्रोडक्टरी कीमत
बता दें कि कंपनी ने VLF Mobster 135 को सितंबर 2025 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया था, जिसकी शुरुआती कीमत 1.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई थी. लॉन्च के पहले महीने में ही कंपनी को 2,500 से ज़्यादा यूनिट्स की बुकिंग मिली थी.
इसके बाद, VLF ने शुरुआती कीमत को और 500 यूनिट तक बढ़ा दिया, जिससे लॉन्च कीमत से फ़ायदा उठाने वाले कुल कस्टमर्स की संख्या 3,000 हो गई. यह ऑफ़र वापस लेने से पहले पांच महीने से थोड़ा ज़्यादा समय तक वैलिड रहा.

VLF Mobster 135 का इंजन
Mobster 135 के पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 125cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन इस्तेमाल किया गया है, जिसे कंटीन्यूअसली वेरिएबल ट्रांसमिशन (CVT) के साथ जोड़ा गया है. यह इंजन 8,250 rpm पर 12.1 bhp की पावर और 6,500 rpm पर 11.7 Nm का टॉर्क प्रदान करता है.
VLF ने दावा किया है कि इसकी टॉप स्पीड 100 kmph है और यह स्कूटर 46 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है. स्कूटर में 8-लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है. इसके फीचर्स की बात करें तो, Mobster 135 में 5.0-इंच का TFT डिस्प्ले मिलता है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, कीलेस इग्निशन और स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ आता है.

VLF Mobster 135 के हार्डवेयर
स्कूटर का कर्ब वेट 122 kg, व्हीलबेस 1,341mm, सीट की ऊंचाई 797mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 155mm है. इसके अलावा, स्कूटर में ब्रेकिंग के लिए 230mm फ्रंट डिस्क और 220mm रियर डिस्क ब्रेक मिलता है, जिन्हें डुअल-चैनल स्विचेबल ABS का सपोर्ट भी मिलता है.
स्कूटर में सस्पेंशन सेटअप के तौर पर आगे टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और पीछे गैस-चार्ज्ड ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर दिया गया है. इस स्कूटर में 12-इंच के ट्यूबलेस टायर लगाए गए हैं, जिनका साइज़ फ्रंट में 120/70 और रियर में 130/70 है.

