BMW 5 Series LWB को मिले नए फीचर्स, जानें क्या है इसकी कीमत
BMW India ने अपनी BMW 5 Seires LWB (लॉन्ग व्हीलबेस) को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है. इसकी कीमत 73.35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.

Published : December 13, 2025 at 12:25 PM IST
हैदराबाद: लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW India ने अपनी BMW 5 Seires LWB (लॉन्ग व्हीलबेस) को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है. इन फीचर्स अपडेट के बाद भी कंपनी ने इसकी कीमत में बदलाव नहीं किया है और इसे 73.35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर बेचा जा रहा है.
कंपनी की सेडान रेंज में BMW 5 Series, 3 Series और 7 Series के बीच आती है, और भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Mercedes-Benz E-Class, Audi A6 और Lexus ES से होता है. इस अपडेट के साथ, इसमें इल्यूमिनेटेड पैनोरमिक रूफ और ज़्यादा ड्राइवर-असिस्टेंस फीचर्स मिलते हैं.
BMW 5 Series को मिली इलुमिनेटेड ग्राफिक्स के साथ पैनोरामिक ग्लासरूफ
BMW 5 Series LWB में अब पैनोरमा ग्लास रूफ स्काई लाउंज फीचर जोड़ा गया है, जो ग्लास पर प्रिंटेड पैटर्न और बिल्ट-इन LED लाइटिंग का इस्तेमाल करके अलग-अलग कलर इफ़ेक्ट बनाता है. ये लाइट्स कार की एम्बिएंट लाइटिंग सेटिंग्स के साथ काम करती हैं, ड्राइविंग मोड्स के साथ बदल सकती हैं और दिन में भी दिखाई देती हैं. यह रूफ केबिन में ज़्यादा नेचुरल लाइट्स लाती है, जिससे इंटीरियर ज़्यादा खुला-खुला लगता है.

ड्राइविंग असिस्टेंट प्लस अतिरिक्त ड्राइवर असिस्टेंट
कंपनी ने BMW 5 Series LWB में ड्राइविंग असिस्टेंट प्लस फीचर भी जोड़ दिया है. इस सिस्टम में लेन-चेंज वार्निंग, फ्रंट-कोलिजन वार्निंग, रियर-कोलिजन वार्निंग और क्रॉस-ट्रैफिक वार्निंग शामिल हैं.
इसमें स्टॉप एंड गो के साथ एक्टिव क्रूज़ कंट्रोल भी जोड़ा गया है, जो आगे वाली गाड़ी से एक तय स्पीड और दूरी बनाए रख सकता है. यह रुकी हुई गाड़ियों का पता लगा सकता है और ज़रूरत पड़ने पर कार को रोक सकता है. सभी फंक्शन स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल से ऑपरेट होते हैं.

BMW 5 Series LWB का पावरट्रेन
BMW 5 Series के इंजन की बात करें तो इसमें 2.0-लीटर चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 258hp की पावर और 400Nm का टॉर्क प्रदान करता है. इसके साथ में 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी मिलता है, जो 11hp की पावर और 25Nm का टॉर्क जोड़ता है.
यह कार सिर्फ़ 530Li M Sport LWB वेरिएंट में उपलब्ध है, जो बेहतर रियर-सीट कम्फर्ट और लेगरूम पर फोकस करती है. BMW ने पहले जुलाई 2025 में कस्टमर फीडबैक के बाद 18-इंच के पहियों को बदलकर 19-इंच के अलॉय व्हील्स को स्टैंडर्ड बनाकर BWM 5 Series LWB को अपडेट किया था.

