भारत में लॉन्च हुई नई Suzuki E-Access इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानें क्या है कीमत और रेंज
Suzuki Motorcycle India ने आखिरकार अपनी Suzuki E-Access इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत 1.88 लाख रुपये है.

Published : January 10, 2026 at 10:14 AM IST
हैदराबाद: दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Suzuki Motorcycle India ने आखिरकार अपनी Suzuki E-Access इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस स्कूटर को 1.88 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उतारा है, जोकि इसके स्पेसिफिकेशन के हिसाब से काफी चौंकाने वाली है.
गौरतलब है कि Suzuki E-Access को कंपनी ने जनवरी 2025 में नई दिल्ली में आयोजित हुए Auto Expo में पहली बार दुनिया के सामने पेश किया था, उसे मूल रूप से जून 2025 में लॉन्च किया जाना था. हालांकि, स्कूटर के आने में आधे साल से ज़्यादा की देरी हुई.
Suzuki Motorcycle ने अपने सभी डीलरशिप पर नई E-Access की बुकिंग शुरू कर दी है, लेकिन अभी इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर को फेज में लॉन्च किया जाएगा या नहीं. कंपनी ने इस स्कूटर को कुल चार डुअल-टोन कलर ऑप्शन में पेश किया है, जिनमें ब्लैक/रेड, व्हाइट/ग्रे, ग्रीन/ग्रे और ब्लू/ग्रे कलर शामिल हैं.
Suzuki E-Access का आकार
भले ही इसका नाम बेहद जाना पहचाना है, लेकिन नई Suzuki E-Access का अपने पेट्रोल से चलने वाले मॉडल से लगभग कुछ भी मेल नहीं खाता. यह देखने में बहुत अलग है, इसका फ्रंट-एंड नीचा और शार्प है, और इसमें पूरी तरह से LED लाइटिंग सेटअप दिया गया है.
इसके आकार की बात करें तो Suzuki E-Access की लंबाई 1,860 mm है, व्हीलबेस 1,305 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 160 mm है. इसकी सीट की ऊंचाई 765 mm रखी गई है, और Suzuki E-Access का वज़न 122 kg रखा गया है.
Suzuki E-Access की बैटरी, परफॉर्मेंस और रेंज
सुजुकी उन कुछ इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनियों में से एक है, जो आज अपने स्कूटर में लिथियम-फेरो फॉस्फेट (LFP) सेल का इस्तेमाल कर रही है. कंपनी ने नए Suzuki E-Access में 3.07 kWh की LFP बैटरी का इस्तेमाल किया है.
बता दें कि NMC बैटरी की तुलना में LFP बैटरी की एनर्जी डेंसिटी कम होती है, जिसकी वजह से, नई Suzuki E-Access की रेंज काफी लिमिटेड है. कंपनी का दावा है कि यह स्कूटर 95 किलोमीटर (IDC) तक की रेंज प्रदान करता है. रियल टाइम रेंज की बात करें तो संभावना जताई जा रही है कि रेंज का आंकड़ा 65 से 75 किलोमीटर के बीच हो जाएगा.
दिलचस्प बात यह है कि लंबी लाइफ पर ज़ोर देने के बावजूद, Suzuki Motorcycle ने अभी तक बैटरी वारंटी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. हालांकि Suzuki Motorcycle जल्द ही इसके बारे में और जानकारी का खुलासा करेगी. Suzuki E-Access में एक परमानेंट मैग्नेट मोटर का इस्तेमाल किया गया है, जिसका पीक आउटपुट 5.5 bhp और 15 Nm का टॉर्क है. इसकी टॉप स्पीड 71 kmph होगी.
Suzuki E-Access का चार्जिंग विकल्प
कंपनी ने स्टैंडर्ड के तौर पर, Suzuki E-Access को एक पोर्टेबल चार्जर के साथ पेश किया गया है, जो बैटरी को छह घंटे और 40 मिनट में पूरी तरह से चार्ज कर सकता है.

