सितंबर 2026 में इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री 95 प्रतिशत बढ़ी, बेचे गए 36,108 यूनिट वाहन
FADA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री सितंबर 2026 में सालाना आधार पर 94.56 प्रतिशत बढ़ी है.

Published : October 11, 2026 at 3:27 PM IST
हैदराबाद: फेडरेशन ऑफ़ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल (PV) की रिटेल बिक्री सितंबर 2026 में सालाना आधार पर 94.56 प्रतिशत बढ़ी है, और कंपनियों ने 36,108 यूनिट्स वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 18,559 यूनिट का था. महीने-दर-महीने के आधार पर, अगस्त 2026 में हुई 30,696 यूनिट की बिक्री की तुलना में भी बिक्री में 17.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में तेज़ी से बढ़ोतरी के कारण, सितंबर 2026 में इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की कुल मार्केट हिस्सेदारी बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त 2026 में 7.6 प्रतिशत और सितंबर 2025 में 5.7 प्रतिशत थी. इस बढ़ोतरी की मुख्य वजहें थीं - त्योहारों के मौसम की जल्दी शुरुआत, मास-मार्केट OEM (बड़ी कंपनियों) द्वारा ज़्यादा तरह के प्रोडक्ट पेश करना और ग्राहकों द्वारा इन्हें ज़्यादा पसंद किया जाना.
भारत के मार्केट लीडर Tata Motors Passenger Vehicles ने सितंबर 2026 में 14,791 यूनिट्स इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दर्ज की. यह सितंबर 2025 की 7,369 यूनिट्स के मुकाबले साल-दर-साल 100.72 प्रतिशत की बढ़ोतरी और अगस्त 2026 की 13,158 यूनिट्स के मुकाबले 12.41 प्रतिशत की क्रमिक बढ़ोतरी है.
आंकड़ों के अनुसार, घरेलू इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार मार्केट में कंपनी की हिस्सेदारी सबसे ज़्यादा बनी हुई है. वहीं दूसरी ओर, Mahindra & Mahindra ने 7,780 यूनिट्स बेचकर मार्केट में अपना दूसरा स्थान बनाए रखा है. यह पिछले साल इसी अवधि में बेची गई 3,973 यूनिट्स के मुकाबले 95.82 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी है.
कंपनी ने अगस्त 2026 में बेची गई 6,464 यूनिट्स के मुकाबले महीने-दर-महीने आधार पर 20.36 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी दर्ज की. इसके अलावा, JSW MG Motor India Pvt Ltd तीसरे स्थान पर रही, जिसने 5,242 यूनिट्स की रिटेल बिक्री दर्ज की. यह सालाना आधार पर 9.14 प्रतिशत और पिछले महीने के मुकाबले 13.41 प्रतिशत ज़्यादा है.
भारतीय बाज़ार में वियतनामी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी VinFast Auto India ने भी एंट्री की है, और कंपनी ने बिक्री में तेज़ी से बढ़ोतरी हासिल की है. कंपनी ने समीक्षाधीन महीने में 2,964 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जबकि अगस्त 2026 में यह आंकड़ा 2,199 यूनिट्स का था, जो महीने-दर-महीने 34.79 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है, जबकि यह बिक्री सितंबर 2025 में 6 यूनिट्स की थी.
Kia India की बात करें तो इस कंपनी ने 1,262 यूनिट्स बेचीं. अगस्त 2026 में बिकी 645 यूनिट्स के मुकाबले इसकी बिक्री में महीने-दर-महीने (MoM) 95.66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे बिक्री लगभग दोगुनी हो गई. इसके साथ ही, साल-दर-साल (YoY) आधार पर इसमें 111.04 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.
इसके अवावा, देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India ने भी 1,104 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो अगस्त 2026 की 1,412 यूनिट्स के मुकाबले 21.81 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है.

