River Mobility ने 120 मिलियन डॉलर जुटाए, मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की बनाई योजना
River Mobility ने अपने Series C फंडिंग राउंड के पूरा होने और 120 मिलियन डॉलर जुटाने की घोषणा की है.

Published : August 6, 2026 at 10:28 AM IST
हैदराबाद: इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी River Mobility ने अपने Series C फंडिंग राउंड के पूरा होने और 120 मिलियन डॉलर जुटाने की घोषणा की है. बेंगलुरु की इस कंपनी का कहना है कि यह भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (e2W) मार्केट में हुए सबसे बड़े प्राइवेट इन्वेस्टमेंट में से एक है. कंपनी का यह भी कहना है कि इस फंड का इस्तेमाल मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को बढ़ाने और एक नई ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने के लिए किया जाएगा.
बता दें कि River Mobility साल 2023 से भारतीय बाज़ार में काम कर रही है. इसकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक Yamaha Motor Corporation से निवेश हासिल करना था. River Mobility अभी पूरे भारत में 75 से ज़्यादा स्टोर चला रही है और मार्च 2028 तक अपने रिटेल नेटवर्क को 350 से ज़्यादा स्टोर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखती है.
River Mobility के को-फ़ाउंडर और CEO, अरविंद मणि ने कहा कि, "यह फ़ंडिंग रिवर के सफ़र में एक अहम पड़ाव है. हमारे मौजूदा और नए, दोनों तरह के इन्वेस्टर्स ने जो भरोसा दिखाया है, उससे हमारा यह विश्वास और मज़बूत हुआ है कि भारत का पहला यूटिलिटी और डिज़ाइन-बेस्ड मोबिलिटी ब्रांड बनाने का ज़बरदस्त मौक़ा है."
मणि ने आगे कहा कि, "इस कैपिटल से हमें अपने प्रोडक्ट रोडमैप को तेज़ी से आगे बढ़ाने, मैन्युफ़ैक्चरिंग का दायरा बढ़ाने और पूरे देश में अपनी मौजूदगी मज़बूत करने में मदद मिलेगी."
Claypond Capital के मैनेजिंग डायरेक्टर, शेखर गारिसा ने कहा कि, "रिवर ने कॉम्पिटिटिव मार्केट में तेज़ी से आगे बढ़ने और ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए अनुशासित काम करने के तरीके और सोच-समझकर बनाए गए अलग तरह के प्रोडक्ट का तालमेल बिठाया है. हम इस टीम को और आगे बढ़ने में मदद करने के लिए उत्साहित हैं, साथ ही देश के एनर्जी ट्रांज़िशन और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग के लक्ष्यों को पूरा करने में भी योगदान दे रहे हैं."
इस निवेश पर टिप्पणी करते हुए, Yamaha India Group के चेयरमैन हाजिमे जिम ओटा ने कहा कि, "River का वर्टिकली इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी प्लेटफ़ॉर्म बनाने पर फ़ोकस उसकी सफलता का मुख्य कारण रहा है. Yamaha को River की अब तक की प्रगति पर गर्व है और वह इसके विकास के अगले चरण का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित है."
बता दें कि हाल ही में, कंपनी ने कर्नाटक के होसकोटे में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में 'River Indie' इलेक्ट्रिक स्कूटर की 50,000 यूनिट्स की बिक्री की उपलब्धि हासिल करने की घोषणा की. कंपनी ने 25 अगस्त, 2023 को 'River Indie' का प्रोडक्शन शुरू किया था, जिसका मतलब है कि इस माइलस्टोन तक पहुंचने में कंपनी को तीन साल से भी कम समय लगा.

