ChatGPT Group Chat फीचर लॉन्च, जानें ग्रुप बनाने और जॉइन करने के स्टेप्स
ChatGPT का नया ग्रुप चैट फीचर लोगों को एक साथ जोड़कर AI की मदद से आइडियाज, प्लानिंग और डिसीजन-मेकिंग आसान बनाता है.


Published : November 14, 2025 at 2:15 PM IST
हैदराबाद: अमेरिका की एआई कंपनी Open AI ने एक ऐसा फीचर लॉन्च किया है, जो भविष्य में डिजिटल चैटिंग का पूरा तौर-तरीका और एक्सपीरियंस बदल सकती है. इस नए फीचर का नाम Group Chats है. इसका मतलब है कि अब आप चैटजीपीटी में सिर्फ एआई से ही नहीं बल्कि उसके साथ-साथ फ्रेंड्स, फैमिली या ऑफिस के दोस्तों के साथ भी चैट कर पाएंगे.
ओपनएआई ने अपने इस नए ग्रुप चैट फीचर के जरिए अपने यूज़र्स के लिए पहली बार शेयर्ड एक्सपीरियंस फीचर लॉन्च किया है, जहां कई यूज़र्स एक जगह जुड़कर चैटजीपीटी की मदद से प्लानिंग, आइडियाज़ क्रिएशन और किसी टॉपिक पर चर्चा भी रियलटाइम में कर सकते हैं. इस दौरान यूज़र्स आपस में अपने-अपने विचारों के साथ-साथ चैटजीपीटी के सुझावों पर भी गौर कर सकते हैं.
ब्लॉग पोस्ट के मुताबिक, ओपनएआई ने चैटजीपीटी ग्रुप फीचर की शुरुआत 4 देशों से की है, जिनमें जापान, साउथ कोरिया, ताइवान और न्यूज़ीलैंड का नाम शामिल है. हालांकि, इस फीचर को बाकी देशों में भी काफी जल्द रोलआउट किया जाएगा. इसके बारे में कंपनी का कहना है कि वो अपने इस फीचर का विस्तार अर्ली फीडबैक देखने के आधार पर करेंगे. आइए अब हम आपको इस नए फीचर के बारे में कुछ डिटेल्स बताते हैं.
Group chats in ChatGPT are now piloting in Japan, New Zealand, South Korea, and Taiwan.
— OpenAI (@OpenAI) November 14, 2025
A new way to collaborate with friends, family, or coworkers and ChatGPT in the same conversation. pic.twitter.com/UQKhqjcnQQ
Group Chat आखिर करता क्या है?
OpenAI के मुताबिक, अब आप ChatGPT को एक स्मार्ट टीममेट की तरह इस्तेमाल कर पाएंगे. उदाहरण के तौर पर मान लीजिए- आपको किसी ट्रिप की प्लानिंग करनी है, स्टार्टअप आइडिया पर ब्रेनस्टॉर्मिंग करनी है, कॉलेज प्रोजेक्ट तैयार करना है या फिर रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीज़ों का निर्णय लेना है. इस फीचर के जरिए आप चैटजीपीटी में सिर्फ एक क्लिक करके ग्रुप बना सकते हैं और दूसरे लोगों लिंक भेज सकते हैं, जिसे क्लिक करके वो भी ग्रुप में जुड़ सकते हैं.
Group Chat के सबसे ज़रूरी फीचर्स
1. एक ग्रुप में 20 लोग तक: एक URL बनता है, जिसे भेजते ही कोई भी लॉग-इन ChatGPT यूज़र ग्रुप जॉइन कर सकता है. यहां पर ध्यान देने वाली बात है कि चैटजीपीटी का पेड और फ्री दोनों ही यूज़र्स ग्रुप जॉइन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें चैटजीटीपी में लॉग-इन करना जरूरी होगा.
2. ChatGPT अब समझकर जवाब देगा: ग्रुप में कौन-सी बात किसने कही, किस समय AI को बोलना चाहिए और कब शांत रहना चाहिए- चैटजीपीटी, ये सबकुछ खुद ही समझेगा.
3. ChatGPT मेंशन करके AI को बुला सकते हैं: आप किसी ग्रुप में चैट करने के दौरान @ChatGPT मेंशन करके चैटजीटीपी को उस बातचीत में शामिल कर सकते हैं.
4. ग्रुप में प्रोफाइल फोटो, इमोजी रिएक्शन: इस ग्रुप में एआई भी इमोजी से रिएक्ट कर सकता है, जिससे यूज़र्स को एकदम असली चैट जैसा अनुभव मिलेगा.
5. हर ग्रुप के लिए अलग इंस्ट्रक्शन: आप हर ग्रुप के लिए अलग-अलग एआई बिहेवियर सेट कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर आप किसी ट्रैव ग्रुप में चैटजीपीटी को ट्रैवल एक्सपर्ट की तरह सेट कर सकते हैं.
6. Privacy सेटिंग: ओपनएआई का कहना है कि ग्रुप चैट में किसी की मेमोरी का इस्तेमाल नहीं होगा. चैटजीपीटी की पर्सनल मेमोरी फीचर ग्रुप चैट में बंद रहती है. इसमें कोई भी प्राइवेट डेटा सेव नहीं होता.
7. Under-18 आते ही Auto Safety Filters On होगा: अगर आप ग्रुप में किसी 18 साल से कम उम्र के यूज़र्स को जोड़ते हैं तो पूरे ग्रुप पर सेंसिटिव कंटेंट के फिल्टर्स लग जाते हैं.
Model कौन सा चलता है?
Group chats में OpenAI का GPT-5.1 Auto चलता है. ग्रुप चैट अपने-आप सवाल के आधार पर और यूज़र फ्री वर्ज़न यूज़ कर रहा है या पेड - इसके आधार पर अपने-आप चैट मॉडल का चुनाव करता है. इसका मतलब है कि अगर किसी ग्रुप में कोई यूज़र फ्री वाला है तो उसे उस आधार पर जवाब मिलेगा और अगर कोई यूज़र पेड है तो उसे उस क्वालिटी का जवाब दिखेगा. आइए अब हम आपको बताते हैं कि ग्रुप चैट कैसे बनाते हैं.

Group Chat कैसे बनाएं?
स्टेप 1: ChatGPT में नया या कोई पुराना चैट खोलें
स्टेप 2: ऊपर दाईं तरफ “people icon” दबाएं
स्टेप 3: लिंक जनरेट होगा, इसे दोस्तों या टीम को भेजें
अगर किसी पुरानी चैट पर ग्रुप जोड़ते हैं, तो ChatGPT उस चैट की एक कॉपी बनाकर नया ग्रुप बना देता है, यानी आपकी पुरानी चैट अलग ही रहती है.
Group Chat में कैसे जुड़ें?
स्टेप 1: किसी दोस्त/सहकर्मी से मिला लिंक खोलें
स्टेप 2: नाम + यूज़रनेम + फोटो सेट करें
स्टेप 3: चैट में मैसेज करना शुरू कर दें

