भारत में नकली Nothing और CMF प्रोडक्ट्स पर सख्ती, 1100 से ज्यादा फेक डिवाइस जब्त
भारत में बढ़ते नकली Nothing और CMF प्रोडक्ट्स पर कंपनी ने चेतावनी दी है. दिल्ली पुलिस ने 1,100 से ज्यादा फेक डिवाइस जब्त किए हैं.

Published : February 18, 2026 at 8:39 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 8:45 PM IST
हैदराबाद: भारत समेत पूरी दुनिया में काफी तेजी से लोकप्रिय हो चुके स्मार्टफोन और एक्सेसरी ब्रांड नथिंग ने देश में बढ़ते नकली प्रोडक्ट्स के खतरे को लेकर एक अहम चेतावनी जारी की है. कंपनी ने एक नया जागरुकता वीडियो रिलीज़ किया है. इस वीडियो में कंपनी ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर की गई कार्रवाई और Nothing और CMF के नकली प्रोडक्ट्स के बढ़ते नेटवर्क को उजागर किया गया है.
इस वीडियो में नथिंग के को-फाउंडर और इंडिया प्रेसिडेंट Akis Evangelidis ने बताया कि भारत में बीते साल नकली Nothing और CMF ब्रांडिंग वाले प्रोडक्ट्स की संख्या में अचानक से काफी बढ़ोतरी देखी गई है. उन्होंने कहा कि कई नकली प्रोडक्ट्स असली जैसे दिखते हैं, जबकि कुछ ऐसे डिवाइस भी मार्केट में बेचे जा रहे थे, जिन्हें कंपनी ने कभी लॉन्च भी नहीं किया था.
वीडियो बनाकर दी चेतावनी
नथिंग के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट्स में छापेमारी करके 1,100 से ज्यादा नकली चार्जर और TWS ईयरबड्स जब्त किए हैं. ये प्रोडक्ट्स नथिंग और इसके सब-ब्रांड CMF की ब्रांडिंग के साथ बेचे जा रहे थे. कंपनी ने बताया कि यह कार्रवाई नकली सप्लाई चेन को पहचानने और खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. Evangelidis ने वीडियो में उपभोक्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि नकली एक्सेसरी न सिर्फ खराब परफॉर्मेंस देती हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक साबित हो सकती है. उन्होंने कहा कि ये प्रोडक्ट्स किसी भी तरह के सेफ्टी टेस्ट से नहीं गुजरते, जिससे डिवाइस खराब होने या नुकसान का खतरा रहता है.
कंपनी ने यह भी स्वीकार किया कि यह समस्या सिर्फ ऑफलाइन मार्केट में ही नहीं, बल्कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी है. नथिंग के मुताबिक, भारत में कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी Nothing और CMF की ब्रांडिंग वाले फेक प्रोडक्ट्स लिस्ट किए गए हैं. इनमें ऐसे एक्सेसरी भी शामिल हैं, जो झूठा दावा करते हैं कि वो Nothing डिवाइसेज के साथ कम्पैटिबल हैं. भारत में नथिंग का एक्सक्लूसिव ऑनलाइन पार्टनर फ्लिपकार्ट है, लेकिन इसके बावजूद कंपनी यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दे रही है.
Being the fastest-growing brand comes with unwanted attention.
— Nothing India (@nothingindia) February 18, 2026
Recently, we’ve seen a rise in counterfeit products trying to imitate Nothing and CMF. Our customers are the ones who are impacted, and we’re committed to shutting this down.
Working closely with local authorities,… pic.twitter.com/JXFTRPhDGb
असली और नकली डिवाइस को कैसे पहचाने?
नथिंग ने ग्राहकों को असली और नकली प्रोडक्ट्स की पहचान करने के लिए कुछ आसान टिप्स भी बताए हैं. कंपनी के अनुसार, बहुत कम रिव्यू वाले प्रोडक्ट्स, असामान्य रूप से कम कीमत और अनऑफिशियल सेलर्स से मिलने वाले एक्सेसरी भी नकली हो सकते हैं. CMF के ओरिजिनल चार्जर्स पर "CMF by Nothing Original" की ब्रांडिंग होती है. हालांकि, कंपनी ने माना कि भविष्य में इसकी भी नकल की जा सकती है.
यहां गौर करने वाली बात है कि नथिंग ने यह चेतावनी ऐसे समय में दी है, जब वो भारत में अपने बिजनेस को बढ़ा रहा है. कंपनी ने हाल ही में बेंगलुरु में अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर लॉन्च किया है, जहां 2000 से ज्यादा विज़िटर्स पहुंच भी चुके हैं. काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, नथिंग ने 2025 के चौथे क्वार्टर में स्मार्टफोन शिपमेंट्स में 32% की एनुअल ग्रोथ दर्ज की है. इसके अलावा नथिंग 4 मार्च 2026 को अपनी अगली फोन सीरीज लॉन्च करने वाली है, जिसका नाम Nothing Phone (4a) Series है.

