CMF इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भारत में हुई रजिस्टर्ड, Nothing ने भारत को बनाया ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब
CMF अब भारत में स्वतंत्र कंपनी बन गई है. Nothing ने मैन्युफैक्चरिंग, R&D और निवेश के जरिए Make in India को मजबूती दी.


Published : January 7, 2026 at 6:22 PM IST
हैदराबाद: Nothing ब्रांड की सब-ब्रांड CMF ने भारत में एक बड़ा और अहम कदम उठाया है. अब CMF आधिकारिक तौर पर भारत में एक स्वतंत्र और कानूनी रूप से रजिस्टर्ड कंपनी बन चुकी है. इस बात की जानकारी Nothing के को-फाउंडर और इंडिया प्रेसिडेंट अकीस इवेंजेलिडिस ने बुधवार को दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि CMF को अब भारत में अलग पहचान मिल गई है.
दरअसल, सितंबर 2025 में Nothing ने यह साफ कर दिया था कि वह CMF के स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े पूरे ऑपरेशन भारत में शिफ्ट कर रही है. उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए 23 दिसंबर 2025 को CMF को भारत में एक अलग कानूनी इकाई के तौर पर रजिस्टर कर दिया गया. अब इसका आधिकारिक नाम CMF इंडिया प्राइवेट लिमिटेड हो गया है.
अकीस इवेंजेलिडिस ने कहा कि CMF, Nothing के भारत केंद्रित विज़न का एक अहम हिस्सा है. भारत में CMF को अलग कंपनी के तौर पर खड़ा करना, ब्रांड के लंबे समय के प्लान का हिस्सा है. कंपनी अब भारत को सिर्फ एक मार्केट नहीं, बल्कि अपना ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन हब बनाना चाहती है.
India is increasingly positioning itself at the forefront of the global consumer tech ecosystem, driven by years of sustained progress and ambition. The work done has been remarkable.
— Akis Evangelidis (@AkisEvangelidis) January 7, 2026
CMF has an important role to play in that journey and we’re happy to share that it is now a… https://t.co/4efGMBDa85 pic.twitter.com/XphlyFHgbO
अपना पूरा काम भारत में करेगी CMF
CMF ने पहले ही भारत में अपने ऑपरेशन शिफ्ट कर दिए हैं. इसमें स्मार्टफोन और वियरेबल्स का एंड-टू-एंड मैन्युफैक्चरिंग, ऑपरेशंस और रिसर्च एंड डेवलपमेंट शामिल है. इसका सीधा मतलब है कि डिजाइन से लेकर प्रोडक्शन तक, सब कुछ भारत में ही होगा.
इस घोषणा का समय भी खास है क्योंकि ठीक एक हफ्ते बाद CMF अपने दो नए प्रोडक्ट्स- CMF Headphones Pro और CMF Watch 3 Pro को भारत में लॉन्च करने जा रही है. इससे साफ है कि कंपनी भारतीय बाजार को लेकर काफी गंभीर है.
इससे पहले, कार्ल पेई की अगुवाई वाली Nothing और Optiemus Infracom ने मिलकर भारत में CMF ब्रांड के इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स बनाने के लिए एक जॉइंट वेंचर की घोषणा की थी. इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां अगले तीन सालों में भारत में 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश करेंगी. साथ ही करीब 1,800 से ज्यादा नए रोजगार के मौके भी पैदा होंगे.
Nothing का दावा है कि वह अब तक भारत में 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश कर चुकी है. CMF को भारत सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम का भी फायदा मिल रहा है, जिसका मकसद देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना है. हाल ही में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि पिछले 11 सालों में भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्शन छह गुना बढ़ा है और एक्सपोर्ट 11 गुना तक पहुंच गया है.

