भारत में लॉन्च हुई नई Nissan Tekton एसयूवी, कीमत सिर्फ 10.49 लाख रुपये, जानें फीचर्स
Nissan India ने भारत में अपनी नई मिड-साइज SUV Nissan Tekton को लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.

Published : July 9, 2026 at 2:13 PM IST
हैदराबाद: कार निर्माता कंपनी Nissan India ने भारतीय बाज़ार के लिए अपनी नई मिड-साइज SUV की पहली झलक करीब एक साल पहले दिखाई थी. अब Nissan India ने बिल्कुल नई Nissan Tekton SUV को लॉन्च कर दिया है. इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. कार की बुकिंग शुरू हो चुकी है.
कंपनी ने जानकारी दी कि Nissan Tekton की डिलीवरी 20 जुलाई, 2026 से शुरू होगी. नई Tekton असल में नई Renault Duster का ही रीबैज्ड वर्जन है, और यह उसी RGMP प्लेटफ़ॉर्म पर बनी है. इसके साथ ही, इसमें इंजन और गियरबॉक्स के विकल्प भी वही दिए गए हैं.
नई Nissan Tekton की प्राइस लिस्ट
| वेरिएंट | 1.0-लीटर टर्बो मैनुअल | 1.3-लीटर टर्बो मैनुअल | 1.3-लीटर टर्बो DCT |
| Visia | 10.49 लाख रुपये | --- | --- |
| Visia+ | 11.14 लाख रुपये | --- | --- |
| Acenta | 11.79 लाख रुपये | --- | 14.99 लाख रुपये |
| N-Connecta | 13.69 लाख रुपये | 14.99 लाख रुपये | 16.49 लाख रुपये |
| Tekna | 15.39 लाख रुपये | 16.39 लाख रुपये | 17.79 लाख रुपये |
| Tekna+ | 16.49 लाख रुपये | --- | 18.59 लाख रुपये |

नई Nissan Tekton का डिजाइन
इसके डिज़ाइन पर नजर डालें तो नई Tekton एसयूवी का साइज़ और शेप Renault Duster जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसमें कुछ खास स्टाइलिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं. कार के फ्रंट प्रोफाइल को एक नया कुल दिया गया है. इस कार में L-शेप के हेडलैंप्स लगाए गए हैं, जिनमें DRLs इंटीग्रेटेड हैं और बोनट के निचले हिस्से में एक लाइटबार लगाई गई है.
इसके रेक्टैंगुलर ग्रिल को एक ट्रिम स्ट्रिप दो हिस्सों में बांटती है, जो पूरे फ्रंट हिस्से की चौड़ाई में फैली हुई है. वहीं, नीचे की तरफ बंपर में ब्लैक और सिल्वर प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसे एक मस्कुलर लुक मिलता है.
साइड प्रोफाइल की बात करें तो यहां पर काफी कुछ Renault Duster जैसा देखने को मिलता है. इसमें चौकोर व्हील आर्च, उभरे हुए फेंडर फ्लेयर्स और ग्लासहाउस का आकार एक जैसा मिलता है. इसके अलावा, कार का पिछला हिस्सा भी Renault Duster जैसा ही लगता है, बस टेललैंप और पिछले बंपर के आकार में कुछ खास बदलाव किए गए हैं.

कार के आकार की बात करें तो नई Nissan Tekton की लंबाई 4,348 mm, चौड़ाई 1,815 mm और ऊंचाई 1,674 mm रखी गई है. वहीं, इसका व्हीलबेस 2,657 mm रखा गया है और ग्राउंड क्लियरेंस 212 mm मिलता है.
नई Nissan Tekton का इंटीरियर
कार के इंटीरियर पर नजर डालें तो, नई Tekton में अपने सिबलिंग जैसा ही बेसिक डैशबोर्ड डिज़ाइन दिया गया है, जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट स्क्रीन और एक बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन शामिल है. इसमें अंतर अलग-अलग ट्रिम फ़िनिश और अपहोल्स्ट्री के कलर्स के रूप में देखने को मिलता है.
कार में मिलने वाले फीचर्स की बात करें तो, इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट, डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, Google इन-बिल्ट वाली टचस्क्रीन, 360-डिग्री कैमरा, पावर्ड टेलगेट, वायरलेस फ़ोन चार्जिंग पैड और कई अन्य फीचर्स मिलते हैं. वहीं सेफ्टी फीचर्स के तौर पर इसके टॉप वेरिएंट्स में ADAS टेक्नोलॉजी के साथ-साथ 6 एयरबैग्स, ABS, ESC और अन्य फीचर्स मिलते हैं.

नई Nissan Tekton के पावरट्रेन विकल्प
मैकेनिकल तौर पर भी नई Nissan Tekton अपनी सिबलिंग Duster जैसी ही है. इसमें भी वही 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के विकल्प मिलते हैं. जहां छोटा इंजन 99 bhp की पावर और 166 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है, वहीं बड़ा यूनिट ज्यादा पावरफुल है और 161 bhp की पावर और 280 Nm का टॉर्क प्रदान करता है.
कार के दोनों इंजनों के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड तौर पर जोड़ा गया है, जबकि, बड़े पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलता है. कंपनी का दावा है कि 1.0 टर्बो इंजन का माइलेज 19.4 kmpl, 1.3 टर्बो-मैनुअल का माइलेज 17.8 kmpl और 1.3 टर्बो-DCT का माइलेज 18.5 kmpl है.

बाजार में प्रतिद्वंद्विता की बात करें तो नई Tekton का मुकाबला अपनी सिबलिंग Renault Duster के साथ-साथ Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Suzuki Grand Vitara, Skoda Kushaq, Volkswagen Taigun और Honda Elevate जैसी पॉपुलर SUV से होगा.

