भारत में लॉन्च हुआ नया Yamaha Aerox E इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानें क्या है कीमत और रेंज
Yamaha India ने अपनी Aerox E इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारत में उतार दिया है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की शुरुआती कीमत 2.81 लाख (एक्स-शोरूम) है.

Published : July 8, 2026 at 5:16 PM IST
हैदराबाद: दोहिया वाहन निर्माता कंपनी Yamaha Motorcycle India ने आखिरकार अपनी Aerox E इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में उतार दिया है. कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक मैक्सी स्कूटर को 2.81 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है. खास बात यह है कि Yamaha Aerox E जापानी कंपनी का प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर है. इसमें पेट्रोल-पावर्ड Yamaha Aerox 155 वाला स्पोर्टी मैक्सी-स्कूटर डिज़ाइन दिया गया है, लेकिन ICE पावरट्रेन की जगह पर इसमें बिल्कुल नया इलेक्ट्रिक पावरट्रेन दिया गया है.
इलेक्ट्रिक स्कूटर मार्केट के प्रीमियम सेगमेंट में आने वाला Aerox E, BMW CE 02, TVS X और दूसरे परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसे मॉडल्स को टक्कर देने वाला है. चुनिंदा Blue Square डीलरशिप के ज़रिए जल्द ही इसकी डिलीवरी शुरू हो सकती है.

Yamaha Aerox E का डिजाइन
नए Yamaha Aerox E के डिजाइन की बात करें तो इसमें वही एग्रेसिव स्टाइलिंग बरकरार रखी गई है, जिसने पेट्रोल Aerox को भारत में लोकप्रिय बनाया है. इस स्कूटर में शार्प बॉडी पैनल्स, स्प्लिट LED हेडलैम्प्स, इंटीग्रेटेड LED इंडिकेटर्स, स्टेप्ड सीट और बड़े 14-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं.
हालांकि इसका ओवरऑल शेप वैसा ही रखा गया है, लेकिन Yamaha ने इसे अपने ICE मॉडल से अलग दिखाने के लिए EV-स्पेसिफिक ग्राफिक्स, हल्के ब्लू कलर की डिटेलिंग और नए डिज़ाइन वाला फ्लोरबोर्ड दिया है. स्कूटर में बैटरी सिस्टम को फिट करने के लिए सीट के नीचे की स्टोरेज स्पेस में भी बदलाव किया गया है.

डुअल रिमूवबेल बैटरी सेटअप
Yamaha Aerox E में बीच में इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है, जो ज़्यादा से ज़्यादा 9.5 kW की पावर पैदा करती है. इस स्कूटर में दो हटाने योग्य लिथियम-आयन बैटरी पैक लगाए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 3 kWh है.
कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह स्कूटर 117 km तक चल सकता है. इसरी रिमूवबेल बैटरी को स्कूटर पर लगे-लगे या स्कूटर से निकालकर भी चार्ज किया जा सकता है, जिससे शहर में इस्तेमाल करने वालों को आसानी होती है.
इसकी दोनों बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में लगभग 6 घंटे 20 मिनट लगते हैं, जबकि एक बैटरी को चार्ज करने में लगभग 3 घंटे 10 मिनट लगते हैं.

Yamaha Aerox E का परफॉर्मेंस और मोड्स
नई Aerox E में कंपनी ने Eco, Normal और Power जैसे कई राइडिंग मोड दिए हैं. इसमें ज़रूरत पड़ने पर तेज़ी से रफ़्तार पकड़ने के लिए 'Boost मोड' भी दिया गया है. कंपनी का कहना है कि इस स्कूटर को तेज़ परफ़ॉर्मेंस देने के लिए ट्यून किया गया है.
इसके साथ ही इसमें Yamaha Aerox की पहचान रही शानदार राइडिंग का मज़ा भी बरकरार रखा गया है. बेहतर परफ़ॉर्मेंस और दक्षता के लिए इस स्कूटर में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग भी दी गई है.
Yamaha Aerox E के फीचर्स
कंपनी के फ़्लैगशिप इलेक्ट्रिक स्कूटर होने के नाते, नए Yamaha Aerox E में कई प्रीमियम फ़ीचर्स दिए गए हैं. इस स्कूटर में Y-Connect ऐप के ज़रिए स्मार्टफ़ोन कनेक्टिविटी वाला कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बिना चाबी के इस्तेमाल की सुविधा और नेविगेशन सपोर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं.

स्कूटर के अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें राइड से जुड़ी जानकारी और ओवर-द-एयर सॉफ़्टवेयर अपडेट, डुअल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, रिवर्स असिस्ट, क्रूज़ कंट्रोल, ऑल-LED लाइटिंग और USB चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं.
Yamaha Aerox E की कीमत और प्रतिद्वंद्वी
नए Yamaha Aerox E को 2.81 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है. इस कीमत के साथ, यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में शामिल हो जाता है, और TVS X जैसे स्कूटरों को टक्कर देगा. इसके साथ ही, यह उन खरीदारों को भी पसंद आएगा, जो आम इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के मुकाबले कुछ स्पोर्टी विकल्प की तलाश में हैं.

