ETV Bharat / technology

3.80 करोड़ रुपये में लॉन्च हुई नई Range Rover SV Ultra, देखें कैसा है डिजाइन और फीचर्स

JLR India ने अपनी नई Range Rover SV Ultra को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत 3.80 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है.

Range Rover SV Ultra
नई Range Rover SV Ultra भारत में हुई लॉन्च (फोटो - Jaguar Land Rover India)
author img

By ETV Bharat Tech Team

Published : August 6, 2026 at 2:18 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: लग्जरी एसयूवी निर्माता कंपनी JLR India ने अपनी नई Range Rover SV Ultra को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है, जिसकी लॉन्च के साथ भारत में Range Rover के पोर्टफोलियो का विस्तार हुआ है.

कंपनी ने इस एसयूवी को 3.80 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उतारा है. नई Range Rover SV Ultra स्टैंडर्ड तौर पर पांच-सीट वाले केबिन के साथ पेश की गई है और इसे सिर्फ़ V8 माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया गया है.

Range Rover SV Ultra का डिजाइन
नई SV Ultra के बाहरी हिस्से में कुछ खास स्टाइलिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं. इनमें एक खास 'टाइटन सिल्वर' पेंट फ़िनिश दिया गया है, जिसमें असली एल्युमीनियम के कण और एडवांस्ड पिगमेंट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पेंट को लिक्विड मेटल जैसा लुक मिलता है.

Range Rover SV Ultra
नई Range Rover SV Ultra का डैशबोर्ड (फोटो - Jaguar Land Rover India)

नई SV Ultra में खास 'साटन प्लेटिनम एटलस' और 'सिल्वर क्रोम' ट्रिम एक्सेंट भी दिए गए हैं. इसके अलावा, SV Ultra में स्टैंडर्ड तौर पर 22-इंच के व्हील इस्तेमाल किए गए हैं, लेकिन खरीदार चाहें तो इन्हें 23-इंच के व्हील्स में अपग्रेड करवा सकते हैं.

Range Rover SV Ultra का इंटीरियर
वहीं इसके इंटीरियर पर नजर डालें तो नई SV Ultra का केबिन डिज़ाइन इसकी दूसरी Range Rover गाड़ियों जैसा ही रखा गया है. हालांकि इसमें इस्तेमाल किए गए मटीरियल और कलर ही इसे अलग बनाते हैं. इसमें नई डुअल-टोन ऑर्किड व्हाइट और सिंडर ग्रे अल्ट्राफैब्रिक्स अपहोल्स्ट्री का दी गई है, जिसके साथ ऑर्किड व्हाइट वुड विनियर और सिरेमिक इंसर्ट्स भी मिलते हैं.

Range Rover SV Ultra
नई Range Rover SV Ultra का साइड प्रोफाइल (फोटो - Jaguar Land Rover India)

जैसा कि हमने आपको बताया कि नई Range Rover SV Ultra में स्टैंडर्ड तौर पर पांच सीटों वाला केबिन मिलता है, लेकिन खरीदारों के पास पीछे अलग-अलग सीटों वाले चार-सीटों वाले केबिन में अपग्रेड करने का विकल्प भी मिलता है.

Range Rover SV Ultra के फीचर्स
इसमें मिलने वाले फीचर्स की बात करें तो, नई SV Ultra का सबसे खास फीचर इसका साउंड सिस्टम है. इस कार में भारत में JLR का नया SV इलेक्ट्रोस्टैटिक ऑडियो सिस्टम पहली बार पेश किया जा रहा है, जिसमें केबिन और सीटों में 21 हल्के थिन-फिल्म ट्रांसड्यूसर (यानी स्पीकर) लगे हैं. बेहतर ऑडियो एक्सपीरिएंस देने के लिए पिछली सीटों और फुट-वेल में लगे एक्चुएटर्स इसे और भी शानदार बनाते हैं.

Range Rover SV Ultra
नई Range Rover SV Ultra का साइड प्रोफाइल (फोटो - Jaguar Land Rover India)

अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें पीछे की सीटों के लिए दो 13.1-इंच की एंटरटेनमेंट स्क्रीन, हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज फ़ंक्शन वाली 24-वे पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीटें, मेमोरी फ़ंक्शन वाली पावर्ड रियर सीट्स, एक्टिव एयर सस्पेंशन, 13.1-इंच की Pivi Pro टचस्क्रीन, फोर-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड टेलगेट और कई अन्य फीचर्स शामिल हैं.

Range Rover SV Ultra का पावरट्रेन
कार में मिलने वाले पावरट्रेन की बात करें तो, नई SV Ultra में 4.4-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो ज़्यादा से ज़्यादा 530 bhp की पावर और 750 Nm का टॉर्क प्रदान करता है. इस इंजन के साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स स्टैंडर्ड तौर पर जोड़ा जाता है. Jaguar Land Rover का दावा है कि 2.6-टन वज़नी यह SUV 0 से 100 kmph की रफ़्तार सिर्फ 4.9 सेकंड में पकड़ लेती है.