अगले साल भारत में लॉन्च होगी नई BMW i5 LWB, जानें कितनी होगी इस कार की रेंज
BMW India भारतीय बाजार में जल्द ही नई लॉन्ग-व्हीलबेस BMW i5 सेडान को लॉन्च करने वाली है. यह साल 2026 की शुरुआत में लॉन्च होगी.

Published : November 17, 2025 at 3:50 PM IST
हैदराबाद: लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW India भारतीय बाजार में अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी कर रही है. कंपनी अपने पोर्टफोलियो में जल्द ही नई लॉन्ग-व्हीलबेस BMW i5 सेडान को शामिल करने वाली है. जानकारी सामने आ रही है कि इस कार को साल 2026 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा.
Autocar India की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कार को कंपनी के चेन्नई प्लांट में असेंबल किया जाएगा, जो BMW iX1 के साथ मिलकर भारतीय बाज़ार में BMW की पहली स्थानीय रूप से निर्मित ऑल-इलेक्ट्रिक सेडान बन जाएगी.
BMW 530Li से ऊपर और परफॉर्मेंस-केंद्रित i5 M60 से नीचे स्थित, i5 LWB का उद्देश्य कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) उपस्थिति को मज़बूत करना है और साथ ही बंद हो चुकी डीजल 5 सीरीज़ की जगह लेना है.

अपनी शुरुआत से पहले, BMW ने भारत-विशिष्ट वर्जन को देश की चुनौतीपूर्ण सड़क परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया है. प्रमुख इंजीनियरिंग अपडेट में से एक ग्राउंड क्लीयरेंस में बढ़ोतरी है, जो शुरुआती परीक्षणों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर किया गया है, जिसमें स्टैंडर्ड मॉडल के सॉफ्ट सस्पेंशन और कम राइड हाइट से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया था.
इस कार की चेसिस में विशेष रूप से भारत के लिए किए गए इन बदलावों के कारण कार के बाज़ार में आने में देरी हुई. भारत में आने वाली BMW i5 LWB के पावरट्रेन की बात करें तो इसे eDrive40L वेरिएंट में पेश किया जाएगा, जिसमें रियर-व्हील-ड्राइव सेटअप और एक सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया जाएगा, जो 335 bhp की पावर और 430 Nm का टॉर्क उत्पन्न करेती है.

इस कार में 97kWh का बैटरी पैक पावर देने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. चीन में यही कॉन्फ़िगरेशन CLTC-रेटेड रेंज 713 किमी तक प्रदान करता है, जबकि भारत में वास्तविक रेंज के आंकड़े थोड़े कम हो सकते हैं. BMW इस वर्जन को पूर्ण एक्सलरेशन को प्राथमिकता देने के बजाय एफिशिएंसी और परफॉर्मेंस का संतुलित मिश्रण प्रदान करने के लिए तैयार कर रहा है.

